नई दिल्ली, 02 अगस्त (वार्ता) दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) सीजन 3 के शुरुआती मुकाबले में संतोषजनक प्रदर्शन के बाद पुरानी दिल्ली 6 अब सोमवार को अरुण जेटली स्टेडियम में वेस्ट दिल्ली लायंस के खिलाफ होने वाले अपने दूसरे मैच में दमदार वापसी करने के इरादे से उतरेगी। टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में सेंट्रल दिल्ली किंग्स के खिलाफ चार विकेट से हार के बावजूद पुरानी दिल्ली 6 को कई सकारात्मक बातें मिलीं, जिनमें सबसे बड़ी उपलब्धि कप्तान अनुज रावत का शानदार नाबाद शतक रहा। टीम के 30 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद अनुज रावत ने कप्तानी पारी खेलते हुए देव लाकड़ा के साथ 132 रनों की अहम साझेदारी की, जिसकी बदौलत पुरानी दिल्ली 6 ने 20 ओवर में 202/4 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। हालांकि टीम को जीत नहीं मिली, लेकिन इस प्रदर्शन ने टीम के जुझारू जज़्बे और मजबूत बल्लेबाजी क्रम की झलक पेश की, जिससे अगले मुकाबले के लिए खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है।
अब पुरानी दिल्ली 6 की कोशिश वेस्ट दिल्ली लायंस के खिलाफ इस सीजन की पहली जीत दर्ज करने की होगी। टीम शुरुआती मुकाबले से मिली सकारात्मक बातों को आगे बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार है। सोमवार के मुकाबले से पहले कप्तान अनुज रावत ने कहा, “व्यक्तिगत रूप से मैं अपनी बल्लेबाजी से खुश हूं और शतक बनाना हमेशा खास होता है। हालांकि अगर टीम मैच जीत जाती तो यह खुशी और भी ज्यादा होती, क्योंकि आखिर में सबसे ज्यादा मायने टीम की जीत रखती है।
अच्छी बात यह है कि मैं अच्छी लय में हूं और इसी फॉर्म को अगले मैच में भी बरकरार रखना चाहता हूं।” उन्होंने आगे कहा, “ड्रेसिंग रूम का माहौल सकारात्मक है और सभी खिलाड़ियों का मानना है कि हमने पहले मैच में काफी अच्छा क्रिकेट खेला। उस मुकाबले से हमें कई सकारात्मक बातें मिलीं और जिन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत थी, उन पर हमने काम किया है। अब हमारा पूरा ध्यान वेस्ट दिल्ली लायंस के खिलाफ होने वाले मैच पर है और हम हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमारा लक्ष्य बिल्कुल साफ है, निडर क्रिकेट खेलना और सीजन की पहली जीत हासिल करना।” मजबूत बल्लेबाजी क्रम और पहले मुकाबले से मिले अनुभव के साथ पुरानी दिल्ली 6 वेस्ट दिल्ली लायंस के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करने और डीपीएल सीजन 3 के खिताब की अपनी चुनौती को मजबूती देने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

