नयी दिल्ली, 25 फरवरी (वार्ता) निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने 29 मार्च से महाराष्ट्र के नवी मुंबई और गुजरात के भावनगर के बीच उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है।
एयरलाइंस ने बुधवार को बताया कि दोनों शहरों के बीच दो दैनिक उड़ानें होंगी। इस मार्ग पर वह एटीआर विमानों का परिचालन करेगी।
नवी मुंबई से पहली उड़ान 6ई 7021 सुबह सात बजे रवाना होगी और 8.15 बजे भावनगर पहुंचेगी। वापसी की उड़ान 6ई 7022 सुबह 8.35 बजे भावनगर से चलकर 9.35 बजे नवी मुंबई उतरेगी। शाम 7.25 बजे 6ई 7081 नवी मुंबई से उड़ान भरकर रात 8.30 बजे भावनगर पहुंचेगी। वापसी में 6ई 7082 रात 8.50 बजे भावनगर से चलकर रात 9.55 बजे नव मुंबई आयेगी।
भावनगर गुजरात से सौराष्ट्र क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण व्यापार केंद्र है। यह जहाजरानी, नमक और हीरे के व्यापार के लिए जाना जाता है। इंडिगो के नेटवर्क में शामिल होने वाला यह देश का 97वां और कुल मिलाकर 142वां शहर होगा।
