
भोपाल। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने सीधी जिले में हाथियों के आतंक और हालिया ओलावृष्टि से हुई तबाही पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस आपदा से गरीब किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं और कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वेक्षण कर शीघ्र मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।
अजय सिंह ने कलेक्टर से अपेक्षा की है कि वे स्वयं व्यक्तिगत रुचि लेकर प्रभावित गांवों का दौरा करें और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर वास्तविक स्थिति का आकलन करें। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं को रोका नहीं जा सकता, लेकिन जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान को समय रहते प्रभावी कदम उठाकर टाला जा सकता है।
वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जब पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ से हाथी सीधी जिले में प्रवेश कर रहे थे, तब विभाग ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि हाथियों से बिजली के खंभों और तारों को संभावित नुकसान को देखते हुए विद्युत आपूर्ति बंद की जा रही है, जिससे परीक्षाओं की तैयारी कर रहे सैकड़ों विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और ग्रामीणों में रोष बढ़ रहा है।
अजय सिंह ने प्रधान मुख्य वन संरक्षक से अपील की है कि वे सीधी और सीमावर्ती छत्तीसगढ़ के वन अधिकारियों से समन्वय कर वस्तुस्थिति की जानकारी लें तथा हाथियों को उनके मूल स्थान पर वापस भेजने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाएं, ताकि आगे और नुकसान रोका जा सके।
