भोपाल। ज्ञानोदय तीर्थधाम में आयोजित जिन देशना यूथ कन्वेंशन का समापन भारतीय संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक जीवन के संदेश के साथ हुआ। कुन्दकुंद कहान पारमार्थिक ट्रस्ट मुंबई एवं कुन्दकुंद प्रवचन प्रसारण संस्थान उज्जैन के तत्वावधान में हुए आयोजन में युवाओं को धर्म के साथ उच्च आचरण और आनंदमय जीवन जीने की कला का प्रशिक्षण दिया गया। विद्वानों ने जीवन को सफल, सुखद और सार्थक बनाने के लिए अध्यात्म को जीवनशैली से जोड़ने पर मार्गदर्शन दिया। संजय शास्त्री कोटा, डॉ. विवेक छिंदवाड़ा, विवेक सहज मुंबई, डॉ. अंकुर शास्त्री और डॉ. अभिषेक शास्त्री सहित विशेषज्ञों ने विचार रखे। आयोजन में देशभर के साथ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और दुबई से भी श्रद्धालु शामिल हुए। ज्ञानोदय तीर्थ कमेटी अध्यक्ष अशोक जैन ने विद्वानों व प्रतिभाओं का सम्मान किया। कार्यक्रम का निर्देशन पंडित विराग शास्त्री जबलपुर ने किया।
