
ग्वालियर। फूलबाग के समीप स्थित संभागीय ग्रामीण हाट बाजार में स्व-सहायता समूहों की दीदियों के उत्पादों को बाजार एवं शहरवासियों को ये उत्पाद उपलब्ध कराने के लिये “आजीविका मार्ट” स्थापित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को ग्वालियर के आजीविका मार्ट का वर्चुअल शुभारंभ किया। आजीविका मार्ट में ग्वालियर संभाग के सभी जिलों के स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा बनाए गए उत्पाद बिक्री के लिये उपलब्ध हैं। साथ ही ग्वालियर जिले के भितरवार तहसील के स्व-सहायता समूहों के ज्योति सीएलएफ के आजीविका एक्सप्रेस वाहन को हरी झण्डी दिखाकर शुभारंभ किया गया।
यहाँ फूलबाग स्थित संभागीय हाट बाजार में इस अवसर पर जिला पंचायत की उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह घुरैया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत व राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के डीपीएम विनीत गुप्ता तथा स्व-सहायता समूहों से जुड़ीं दीदियां मौजूद थीं। स्व-सहायता समूहों की दीदियों सहित सभी प्रतिभागियों ने सीधे प्रसारण के जरिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का उदबोधन सुना।
*कल से लगेगा होली मेला*
फूलबाग स्थित संभागीय हाट में 27 व 28 फरवरी को “होली के रंग, आजीविका के संग” होली मेला लगेगा। इस मेले में संभाग भर में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों से जुड़ीं दीदियां एक से बढ़कर एक उत्पाद लेकर आयेंगीं। यह मेला दोनों दिन दोपहर 12 बजे से देर शाम 8 बजे तक आम जनता के लिये खुला रहेगा। इस मेले में प्रकृति एवं पर्यावरण के हित को ध्यान में रखकर विशेष रूप से तैयार किए गए प्राकृतिक रंग, पूजन सामग्री, गौ-काष्ठ, गोबर की गुलेरी, गणेश, धूपबत्ती, गुजियां व अन्य प्रकार की मिठाईयां, नमकीन एवं स्व-सहायता समूहों द्वारा उत्पादित वस्त्र बिक्री के लिये उपलब्ध रहेंगे।
