
भोपाल। विधानसभा में आज भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक ने अवैध वन कटाई को लेकर अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया।
प्रश्नकाल के दौरान सिरोंज से भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के लटेरी में अवैध वन कटाई का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि लटेरी में वन माफिया वन भूमि पर कब्जा कर रहा है, अतिक्रमण नहीं हट रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि एक वनरक्षक और अतिक्रमणकर्ता के बीच चर्चा का ऑडियो वायरल हो रहा है, वनकर्मी अतिक्रमण करने वालों को बचा रहे हैं।
श्री शर्मा ने मांग की कि एक तरफ सरकार पेड़ लगाने को प्रोत्साहन दे रही है, वहीं दूसरी ओर एक वनकर्मी ही पेड़ कटवा रहा है। उन्होंने वनकर्मी को हटाने की मांग की।
इस पर मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि अधिकारयों को निर्देशित किया गया है। विधायक को जिस वनकर्मी से दिक्कत है, उसे हटा दिया जाएगा।
इस पर श्री शर्मा ने कहा कि उन्हें वनकर्मी से कोई दिक्कत नहीं है, पर वह वन कटवा रहा है रिश्वत ले रहा है। उन्होंने कथित ऑडियो की रिकॉर्डिंग सदन के पटल पर रखने की भी बात कही।
