मुंबई | मशहूर कॉमेडी शो ‘द कपिल शर्मा शो’ का ताजा एपिसोड दर्शकों के लिए यादों का पिटारा लेकर आया। शो में 90 के दशक की सुपरहिट जोड़ी माधुरी दीक्षित और जैकी श्रॉफ ने शिरकत की, जहाँ कपिल शर्मा ने अपने खास अंदाज में सितारों से उनकी पुरानी फिल्मों और अनसुने किस्सों पर चर्चा की। कपिल ने अपने यूट्यूब चैनल पर शो का एक मज़ेदार वीडियो साझा किया है, जिसमें जैकी श्रॉफ को ‘दादा’ कहकर संबोधित किया गया और ‘त्र त्रिदेव’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के मजेदार अनुभव साझा किए गए।
बातचीत के दौरान माधुरी दीक्षित ने फिल्म ‘त्रिदेव’ के दिनों को याद करते हुए दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के डांस की जमकर तारीफ की। उन्होंने मजाकिया लहजे में नसीर साहब को डांस में ‘नंबर वन’ बताया। जब माधुरी से उनकी पसंदीदा डांसर के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बिना देर किए दिग्गज अभिनेत्री वैजयंतीमाला का नाम लिया। माधुरी ने बताया कि वैजयंतीमाला की हर शैली, चाहे वह क्लासिकल हो या वेस्टर्न, आज भी उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। साथ ही उन्होंने अपनी पसंदीदा कोरियोग्राफर सरोज खान को भी याद किया।
शो के दौरान जैकी श्रॉफ की फिल्म ‘हीरो’ और उनके आजकल वायरल हो रहे कुकिंग वीडियो की भी चर्चा हुई। नवजोत सिंह सिद्धू ने जैकी के खाना पकाने के अनूठे अंदाज की तारीफ की, जिस पर ‘जग्गू दादा’ ने इसका पूरा श्रेय अपनी मां को दिया। अर्चना पूरन सिंह और सिद्धू की टिप्पणियों ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। सोशल मीडिया पर इस वीडियो को चंद घंटों में ही लाखों व्यूज मिल चुके हैं और फैंस 90 के दशक के इन सुपरस्टार्स की केमिस्ट्री को देखकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं।

