पेरिस, 24 फरवरी (वार्ता) फ्रांस में भेड़ियों की बढ़ती आबादी और पालतू मवेशियों पर उनके बढ़ते हमलों को देखते हुए सरकार ने कहा है कि किसान अब हमलावर भेड़ियों को अपनी बंदूक का निशाना बना सकेंगे।
कृषि मंत्री एनी जेनेवर्ड ने बताया कि सरकार ने इस मसले पर बना कानून अब बदल दिया है। किसान अपने मवेशियों की हिफाजत के लिए भेड़ियों को गोली मार सकेंगे। किसान को तभी गोली दागने का अधिकार होगा, जब उसके पशु बाड़े में सुरक्षित हों या उसने दूसरे सुरक्षा उपाय अपना रखे हों।
रेडियो फ्रांस इंटरनेशनल ने खबर दी है कि अब तक के नियमों के अनुसार, किसानों को भेड़ियों पर गोली चलाने की अनुमति तभी मिलती थी, जब उन्होंने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हों। अब सरकार ने इसे ‘हकीकत के साथ तालमेल’ बताते हुए बदल दिया है। हालांकि, जो किसान इन छूटों का लाभ उठाएंगे, उन्हें एक साल के भीतर सुरक्षा प्रणाली स्थापित करने की प्रतिबद्धता देनी होगी।
साल 2025 में फ्रांस में भेड़ियों के हमलों में लगभग 12,000 पालतू जानवर मारे गये। भेड़िये अब फ्रांस के 60 से अधिक इलाकों में फैल चुके हैं, जबकि पहले वे केवल 10 क्षेत्र तक सीमित थे।
सरकार ने 2026 के लिए भेड़ियों को मारने का संख्या बढ़ाकर कुल तादाद (1,082) का 21 प्रतिशत कर दिया है। इसका मतलब है कि इस साल लगभग 248 भेड़ियों को मारा जा सकेगा। यह संख्या जो पिछले साल के 190 (19 प्रतिशत) के मुकाबले अधिक है।
किसान संगठनों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे ‘राहत भरा कदम’ बताया है। वहीं, ‘एसोसिएशन फॉर द प्रोटेक्शन ऑफ वाइल्ड एनिमल्स’ जैसे वन्यजीव संरक्षण समूहों ने इसे ‘विनाशकारी’ करार दिया है और इस नियम को अदालत में चुनौती देने की घोषणा की है।
