मेक्सिको सिटी | मेक्सिको सेना के एक बड़े सैन्य अभियान में जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल (CJNG) के शीर्ष नेता नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वंटेस, जिसे ‘एल मेंचो’ के नाम से जाना जाता था, को मार गिराया गया है। 59 वर्षीय एल मेंचो कभी पुलिस अधिकारी था, जो बाद में दुनिया का सबसे खतरनाक ड्रग माफिया बन गया। उस पर अमेरिका ने 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम रखा था। उसकी मौत के बाद मेक्सिको के जलिस्को और तपालपा इलाकों में हिंसा भड़क उठी है, जहाँ कार्टेल के सदस्यों ने सड़कों पर आगजनी और सुरक्षा बलों पर हमले शुरू कर दिए हैं।
एल मेंचो की मौत के साथ ही कार्टेल के भीतर सत्ता संघर्ष तेज हो गया है। इस बीच, 29 वर्षीय युवा अपराधी ‘एल योगर्ट’ ने एक वीडियो जारी कर खुद को संगठन का नया बॉस घोषित कर दिया है। एल योगर्ट पहले एल मेंचो के निजी डेथ स्क्वाड का लीडर था और अपनी निर्दयता के लिए कुख्यात है। बताया जा रहा है कि उसके पास पूर्व सैनिकों की एक विशेष सशस्त्र यूनिट है, जो मिचोआकान और जलिस्को जैसे राज्यों में नशीले पदार्थों की तस्करी के रास्तों पर नियंत्रण रखती है। उसका अचानक सामने आना गैंगवार की नई संभावनाओं को जन्म दे रहा है।
कार्टेल के भीतर मचे इस घमासान को देखते हुए मेक्सिको सरकार ने कई राज्यों में हजारों सैनिकों को तैनात किया है। एल मेंचो का बेटा ‘एल मेंचिटो’ वर्तमान में अमेरिकी जेल में बंद है, जिससे नेतृत्व की दौड़ में एल योगर्ट का दावा और मजबूत हो गया है। हालांकि, कार्टेल के अन्य गुटों द्वारा इसे चुनौती दिए जाने की आशंका है। वर्तमान में मेक्सिको के कई हिस्सों में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं और सैन्य हेलिकॉप्टरों के जरिए संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जा रही है ताकि बड़े पैमाने पर होने वाली गैंगवार को रोका जा सके।

