कटर और सब्बल लेकर पहुंचे थे बैंक लूटने, पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से दबोचा

खरगोन। खरगोन जिले के थाना बेड़िया क्षेत्र में बैंक शाखा और एटीएम में चोरी के प्रयास का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महंगे शौक पूरे करने के लिए वारदात की योजना बनाई थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शकुंतला रूहल ने बताया कि आरोपियों ने ग्राम डुडगांव स्थित बैंक ऑफ बडौदा की शाखा तथा ग्राम सेलदा में लगे भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में चोरी का प्रयास किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, इलेक्ट्रिक कटर, सब्बल, गेती और मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार 17 फरवरी 2026 को बैंक ऑफ बड़ौदा डुडगांव के ब्रांच मैनेजर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात में अज्ञात बदमाशों ने बैंक के शटर और चैनल गेट का ताला तोड़ दिया, हालांकि स्ट्रांग रूम सुरक्षित रहा और कोई नकदी चोरी नहीं हुई। इससे पूर्व 24 जनवरी 2026 को सेलदा टाउनशिप स्थित एसबीआई एटीएम को भी तोड़ने का प्रयास किया गया था।

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी बड़वाह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिर और साइबर सेल की सहायता से संदिग्धों की पहचान की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में दिलीप मुजाल्दे (22) निवासी आरसी, जयराम सोलंकी (24) निवासी जामन्या, गणेश सोलंकी (20) निवासी बासवां हाल डालची और अजय (19) निवासी जामन्या शामिल हैं। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात से पहले रैकी करते थे और महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरी की योजना बनाते थे। जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Next Post

मप्र में इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की अब हर महीने होगी समीक्षा:​ PM गति शक्ति पोर्टल पर अपडेट होगी प्रोग्रेस रिपोर्ट

Mon Feb 23 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश में चल रहे रेलवे, सड़क सहित अन्य अधोसंरचना के बड़े प्रोजेक्ट की प्रतिमाह प्रगति की समीक्षा की जाएगी। मुख्य सचिव अनुराग जैन और भारत सरकार के कैबिनेट सचिवालय में सचिव समन्वयक मनोज कुमार गोविल ने सोमवार को मंत्रालय में संयुक्त रूप से पी.एम मॉनिटरिंग ग्रुप की बैठक में […]

You May Like