नपा में नोटिस के नाम पर हुआ लाखों का खेल!

सीधी । नगर पालिका परिषद सीधी अंतर्गत बिना अनुमति के बन रहे भवनों और बेसमेंट की शिकायत पर नोटिस जारी करने के बाद कार्यवाही नही हुई। चर्चा है कि नपा में नोटिस के नाम पर लाखों का खेल हुआ है!

गौरतलब है कि नगर पालिका क्षेत्र के बाजार क्षेत्र एवं उससे लगे इलाकों में ही बिना अनुमति एवं मनमानी तौर पर भवन निर्माण का कार्य किया जा रहा है। नगर पालिका के पास जिन भवनों के निर्माण कार्य अवैधानिक रूप से होने की शिकायत पहुंचती है उसमें नोटिस तो काफी तत्परता के साथ जारी किये जाते हैं लेकिन कार्यवाई करने की बजाय लाखों का खेल शुरू कर दिया जाता है। इसी वजह से नगर पालिका क्षेत्र में बिना अनुमति के भवन और बेसमेंट बनने के मामले सामने आ रहे हैं।

००

नोटिस जारी होने के बाद भी बन गया 3 मंजिला भवन

 

नगर पालिका की ओर से तत्कालीन सीएमओ मिनी अग्रवाल द्वारा बिना अनुमति बेसमेंट निर्माण को लेकर अमृतलाल लालवानी तथा बिना अनुमति के अवैध भवन का निर्माण करने पर नर्वदा प्रसाद गुप्ता को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था और निर्माण बंद करने के निर्देश दिये गये थे। दोनो मामलो में कोई कार्रवाई नहीं हुई और 3 मंजिला भवन बन गया।

००

केस नं.-1

 

शहर के कोटहा वार्ड क्र. 17 में अमृतलाल लालवानी पिता नरेश कुमार लालवानी द्वारा लगभग 1444 वर्गफिट पर बिना अनुमति तलघर का निर्माण शुरू किया गया। जिस पर नोटिस क्र.5697 20 दिसम्बर 2024 को नोटिस जारी कर काम बंद करने आदेशित किया गया। फिर भी काम पूरा हुआ।

००

केस नं.-2

 

शहर के गांधी चौराहा में नर्वदा प्रसाद गुप्ता पिता महादेव गुप्ता द्वारा बिना अनुमति भवन निर्माण शुरू करने पर नगर पालिका की ओर से नोटिस क्र.3073 दिनांक 5 अगस्त 25 जारी कर काम बंद करने के निर्देश दिये गये थे फिर भी काम पूरा हुआ। खसरा क्र. 481 में निर्माण कराया जा रहा था, जो संबंधित के नाम नही था।

००

इनका कहना है

 

नवभारत के माध्यम से मामला संज्ञान में आया है। इस संबंध में संबंधित जिम्मेदार शाखा से विस्तृत जानकारी ली जायेगी । यदि जानकारी में संज्ञान में लाया गया विषय सही पाया गया तो नियमानुसार ठोस कार्यवाही की जायेगी।

महमूद हसन, सीएमओ नपा-सीधी

००००००००००

Next Post

मोदी और मुर्मु ने ओडिशा में कोयला गैसीकरण परियोजना का शिलान्यास किया

Sat Jun 20 , 2026
भुवनेश्वर / नयी दिल्ली 20 जून (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की ऊर्जा सुरक्षा, प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता तथा घरेलू कोयला संसाधनों के सतत उपयोग के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए शनिवार को ओडिशा में झारसुगुड़ा जिले […]

You May Like