
उज्जैन। बैंक ऑफ बड़ौदा में ब्रांच मैनेजर के पद पर पदस्थ व्यक्ति की जयपुर-भोपाल एक्सप्रेस में दिल का दौरा पडऩे से मौत हो गई। यात्रियों की सूचना पर जीआरपी ने उज्जैन स्टेशन पर शव उतारा। जानकारी मिलने पर देवास से परिजन उज्जैन पहुंचे हैं। भोपाल के अवधपुरी में रहने वाले धीरज पिता अरुण पाटिल 54 वर्ष बैंक ऑफ बड़ौदा में ब्रांच मैनेजर थे। वह जयपुर भोपाल एक्सप्रेस ट्रेन से ड्यूटी ज्वॉइन करने के लिए बांसवाड़ा जा रहे थे। लेकिन रास्ते ही में अचानक तबीयत बिगड़ गई। ट्रेन में वह बेसुध हो गए। यात्रियों ने मामले की सूचना रेलवे पुलिस को दी। ट्रेन के उज्जैन स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी ने उन्हें ट्रेन बाहर निकाला। इस दौरान उनकी मौत हो चुकी थी। उन्हें चरक अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दिल का दौरा पडऩे की बात कही। जीआरपी ने उनके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर पहचान की और परिजनों को सूचना दी। देवास से मयंक परमार उज्जैन पहुंचा जो रिश्ते में भतीजा लगता है। वहीं जानकारी मिलने पर भोपाल से भी परिजन उज्जैन पहुंच गए थे। मंगलवार दोपहर पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान परिजनों ने बताया कि बांसवाड़ा में ज्वॉइनिंग हुई थी। भोपाल से ट्रेन में रतलाम तक जाना था जहां से बस से वह बांसवाड़ा ज्वॉइनिंग के लिए पहुंचने वाले थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा।
