
सौंसर। छिंदवाड़ा हाईवे स्थित ओके जिनिंग के पास उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खाली प्लॉट में नीम के पेड़ पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया। सूचना मिलते ही सौंसर पुलिस मौके पर पहुंची और अपनी जांच शुरू की।
घटनास्थल पर मिला बैग
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष है। मौके पर पुलिस को एक बैग भी बरामद हुआ है, जिसमें दो जोड़ी पैंट और शर्ट रखी हुई है। मृतक ने पिंक कलर की फुल आस्तीन की शर्ट और काले रंग की जींस पहनी हुई है।
हत्या की आशंका से इनकार
मामले की जानकारी देते हुए एसआई बैरागी ने बताया कि मृतक के शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी भी प्रकार की चोट या अन्य संदिग्ध निशान नहीं पाए गए हैं।पुलिस ने मौके पर पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पीएम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है ।प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने फिलहाल हत्या की आशंका से इनकार किया है।
शिनाख्त की कोशिश जारी
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों और थानों में सूचना भेजकर शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। श्री बैरागी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मृतक की पहचान होने के बाद ही मौत के असली कारणों और घटना का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
