ईरान का आपात उत्तराधिकार प्लान’ सक्रिय, लारिजानी को सौंपी अहम जिम्मेदारी

वॉशिंगटन/तेहरान। पश्चिमी मीडिया की रिपोर्टों में दावा किया गया है कि अली खमेनेई ने अमेरिका या इज़राइल की संभावित सैन्य कार्रवाई की स्थिति में एक गोपनीय आपात ढांचा सक्रिय कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस रणनीति में बहु-स्तरीय उत्तराधिकार व्यवस्था, आपातकालीन कमान श्रृंखला और युद्धकालीन अधिकारों के हस्तांतरण जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में शासन और सैन्य नियंत्रण प्रभावित न हो।

रिपोर्ट्स के अनुसार, खामेनेई के लंबे समय से करीबी माने जाने वाले लारिजानी को संवेदनशील जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्हें राज्य के प्रमुख मामलों की निगरानी, परमाणु कूटनीति और सैन्य समन्वय की कमान दी गई है। यह कदम ऐसे समय में सामने आया है जब ट्रंप के प्रशासन के साथ ईरान के रिश्तों में तनाव चरम पर बताया जा रहा है।

सूत्रों का यह भी कहना है कि ईरान ने अपनी सैन्य तैयारियों को उच्चतम स्तर पर पहुंचा दिया है। मिसाइल प्रणालियों की पुनः तैनाती और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखने जैसे संकेत संभावित टकराव की आशंका को दर्शाते हैं। हालांकि सार्वजनिक रूप से तेहरान का रुख आक्रामक और चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, लेकिन अंदरखाने किसी भी गंभीर स्थिति से निपटने के लिए व्यापक तैयारी की जा रही है।

विश्लेषकों का मानना है कि यह रणनीति न केवल सैन्य संतुलन बनाए रखने का प्रयास है, बल्कि आंतरिक स्थिरता और सत्ता के निरंतर संचालन को सुनिश्चित करने की भी कोशिश है, ताकि किसी भी आकस्मिक हमले की स्थिति में सत्ता संरचना में शून्य न पैदा हो।

 

 

Next Post

विदाई के बाद सीधे 'बीट पर पहुंचीं स्वच्छता दीदी, निगमायुक्त ने की सराहना

Mon Feb 23 , 2026
जबलपुर: कहते हैं कि जब इरादों में मजबूती और काम के प्रति समर्पण हो, तो थकान भी आड़े नहीं आती। कुछ ऐसा ही नजारा शहर में सुबह की सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान देखने को मिला, जिसने न केवल निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार का दिल जीत लिया, बल्कि पूरे […]

You May Like

मनोरंजन