छतरपुर: शहर के छत्रसाल चौराहे पर बीती शाम एक स्कॉर्पियो और स्कूटी की टक्कर के बाद हंगामा खड़ा हो गया। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच हुई तीखी बहस के कारण करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा, जिसमें एक एम्बुलेंस भी फंसकर राहगीरों को परेशान होना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और बाद में वाहन मालिक पर 2,000 रुपये का चालान किया, साथ ही नाबालिग ड्राइवर पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, काले रंग की स्कॉर्पियो (MP 16 C 8001) को एक नाबालिग युवक चला रहा था। तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए उसने मेस्ट्रो स्कूटी (MP 16 S 7251) को टक्कर मार दी। स्कूटी चालक धर्मेंद्र यादव ने कहा कि नाबालिग के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और वह भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में लापरवाही से वाहन चला रहा था।
टक्कर के बाद स्थिति तब बिगड़ी जब स्कॉर्पियो में सवार एक युवती ने गुस्से में उतरकर स्कूटी चालक से बहस की और कथित तौर पर चप्पल से मारने की धमकी दी। इससे माहौल और गर्म हो गया और चौराहे पर लंबा जाम लग गया। हालांकि, युवती ने थाने में दिए बयान में इन आरोपों को नकारते हुए कहा कि विवाद मामूली था और उसने किसी तरह की धमकी नहीं दी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्कॉर्पियो बुंदेली कलाकार अंजलि अहिरवार के नाम पर दर्ज है, जो अपनी बहन के साथ गानों की शूटिंग के लिए जा रही थीं। गाड़ी उनके नाबालिग भाई ने चलाई, जिसके खिलाफ धारा 3/181 और 5/180 के तहत कार्रवाई की गई है। कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी ने बताया कि वाहन मालिक पर 2,000 रुपये का चालान भी किया गया है
