इंदौर: हीरानगर इलाके में एक संगठन से जुड़े पदाधिकारी को अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाइल पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देने का मामला सामने आया है. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना 20 फरवरी की रात की बताई जा रही है.मानसिंह राजावत ने नव भारत प्रतिनिधि को बताया कि वह करणी सेना में प्रदेश संगठन मंत्री के दायित्व पर हैं, देर रात हीरानगर थाने पहुंच पुलिस को बताया कि रात में एक अनजान नंबर से कॉल आया.
कॉल करने वाले ने पहले पहचान की पुष्टि की, फिर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें और उनके बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी. साथ ही खजराना क्षेत्र में दिखने पर जान से मारने की बात कही. राजावत ने पूरी बातचीत मोबाइल में सुरक्षित कर ली थी. बाद में यह ऑडियो वरिष्ठ पदाधिकारियों को भेजा और साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपा. पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर के आधार पर तकनीकी जांच शुरू की है. प्राथमिक पड़ताल में पता चला है कि कॉल जिस नंबर से किया गया, वह मंदसौर निवासी मरहूफ कादरी मंसूरी के नाम से दर्ज है. हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नंबर वास्तविक उपयोगकर्ता के पास था या किसी और के कब्जे में.
संभावित आरोपी की तलाश जारी है. ज्ञात हो कि राजावत करीब डेढ़ दशक से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय हैं. उनका कहना है कि पूर्व में भी उन्हें धमकियां मिलती रही हैं और एक बार उनके घर के बाहर अज्ञात लोगों द्वारा हमला करने की कोशिश भी की गई थी. राजावत ने बताया कि हाल ही में लसूड़िया क्षेत्र में मादक पदार्थ से जुड़े एक मामले में पुलिस को सक्रिय कराया था. इसके अलावा तिलक नगर इलाके में छेड़छाड़ से जुड़े प्रकरण में भी हस्तक्षेप किया था. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है.
