थाने में हंगामा, धरना प्रदर्शन, काउंटर केस दर्ज
जबलपुर: तिलवारा थाना अंतर्गत क्रेशर बस्ती में अतिक्रमण को लेकर उपजे विवाद के बाद पहुंचे पार्षद के साथ बदमाश ने धक्कामुक्की कर दी। इसके बाद गुस्साएं लोगों ने बदमाश के घर में तोडफ़ोड़ कर दी। बाद मेंं थाने में हंगामा और धरना प्रदर्शन हुआ जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक तिलवारा थाना अंतर्गत क्रेशर बस्ती में रहने वाला साहिल 32 वर्षीय का क्षेत्र के हैडपंप के पास दीवार उठाते हुए कब्जा कर रहा था.
जिसका रहवासियों ने विरोध किया। सूचना मिलते ही पार्षद अनुपम जैन पहुंच गए और उन्होंने साहिल को समझाने की कोशिश तो साहिल पार्षद से ही उलझ गया और धक्कामुक्की कर दी और फरार हो गया, जिसके बाद कुछ लोगों ने साहिल के घर में घुसकर उपद्रव मचाते हुए तोडफ़ोड़ की। बाद में साहिल के विरोध में पार्षद अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए और धरने पर बैठ गए।
इस बीच दोनों पक्षों के लोग एक दूसरे पर आरोप- प्रत्यारोप लगाते रहे। मामले को लेकर गमगहमी का माहौल निर्मित हो गया। टीआई बृजेश मिश्रा ने बताया कि पार्षद की रिपोर्ट पर साहिल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है जबकि साहिल के घर में हुई तोडफ़ोड़ पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
