सीहोर। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शनिवार को स्टैंडिंग कमेटी की बैठक के दौरान जिले की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया. कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बालागुरू के. के निर्देशन में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में अंतिम सूची जारी की गई. बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी वृंदावन सिंह द्वारा अंतिम आंकड़ों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई.
जिले में प्रशासन द्वारा एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिव्यू) सर्वे व्यापक स्तर पर संचालित किया गया. इस दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में टीमों ने घर-घर पहुंचकर मतदाता सूची, निवास, पारिवारिक विवरण सहित अन्य जानकारियों का सत्यापन किया. सर्वे का उद्देश्य रिकॉर्ड को अद्यतन करना और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना रहा.
प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीमों ने वार्ड, ग्राम पंचायत और बूथ स्तर पर गहन जांच की. लोगों को दस्तावेजों की जानकारी दी गई. आवश्यक सुधार के लिए आवेदन भी स्वीकार किए गए. सर्वे के दौरान नागरिकों से सहयोग की अपील की गई, ताकि त्रुटिरहित और पारदर्शी डेटा तैयार हो सके. शनिवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया है.
पुनरीक्षण के दौरान कुल 10,26,574 मतदाताओं के विरुद्ध 9,71,808 मतदाताओं की सफल मैपिंग की गई. 11,335 मतदाता नॉन-मैपिंग श्रेणी में रहे, जबकि 43,431 मतदाता अनुपलब्ध अथवा अप्राप्य पाए गए. इसके बाद तैयार ड्राफ्ट सूची में 9,83,143 मतदाता शामिल किए गए थे. अंतिम प्रकाशन के अनुसार जिले का ईपी (श्वद्यद्गष्ह्लशह्म् क्कशश्चह्वद्यड्डह्लद्बशठ्ठ) रेशियो 61.87 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जबकि जेंडर रेशियो 927 रहा. कुल मतदाताओं में 5,17,850 पुरुष, 4,79,974 महिला एवं 22 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं.
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को नाम जोडऩे, हटाने, संशोधन और पुनरीक्षण प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी गई. उप जिला निर्वाचन अधिकारी वृंदावन सिंह ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी, त्रुटिरहित और समावेशी बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण किया गया है, ताकि जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक को मताधिकार सुनिश्चित किया जा सके. बैठक में भाजपा के आशीष पचौरी, इंडियन नेशनल कांग्रेस के घनश्याम यादव एवं विवेक राठौर, बसपा के एनपी सागर तथा आम आदमी पार्टी के चेतन कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
पहले से कम हुई संख्या, फिर बढ़कर 9.97 लाख पहुंची
विशेष गहन पुनरीक्षण से पूर्व 27 अक्टूबर 2025 की स्थिति में जिले में कुल 10 लाख 26 हजार 574 मतदाता दर्ज थे. प्रारूप प्रकाशन (23 दिसंबर 2025) के समय यह संख्या घटकर 9 लाख 83 हजार 143 रह गई थी. अब 21 फरवरी 2026 को जारी अंतिम सूची के अनुसार जिले में कुल 9 लाख 97 हजार 846 मतदाता दर्ज किए गए हैं.
मतदान केन्द्रों का हुआ विस्तार
मतदान सुविधाओं को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से जिले में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है. पहले जिले में 1257 मतदान केंद्र संचालित थे, जिनमें 110 नए केंद्र जोड़कर अब कुल 1367 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं.विधानसभा क्षेत्रवार केंद्रों की संख्या इस प्रकार है. बुधनी -390, आष्टा- 375, इछावर- 308,सीहोर -294
विस क्षेत्रवार जेंडर रेशियो
बुधनी- 922
आष्टा- 927
इछावर- 914
सीहोर- 946
क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या
बुधनी -2,74,509
आष्टा – 2,82,058
इछावर -2,27,640
सीहोर -2,13,639
