
उज्जैन। निपानिया गोयल में रविवार-सोमवार रात युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। आरोपी अज्ञात होने पर मृतक के दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। संभावना है कि जल्दी मामले का खुलासा हो जाएगा।
घट्टिया थाना प्रभारी देवीलाल दसोरिया ने बताया कि रात 10 बजे की लगभग ग्राम निपानिया गोयल में जय श्री महाकाल टी स्टाल के सामने एक युवक को चाकू मारने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंचती उससे पहले ही खबर आई की युवक की मौत हो चुकी है। घटनास्थल पर जांच में सामने आया कि मृतक भादर उर्फ बहादुर लाल परमार पिता नरवा परमार 34 वर्ष ग्राम डूंगला राघवी का रहने वाला है। उसकी लाश फुटपाथ पर पड़ी थी। आसपास लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि उसे अज्ञात लोगों ने चाकू मारे थे। थाना प्रभारी के अनुसार हत्या की वजह सामने नहीं आ पाई है। मामले में तडक़े 4 बजे हत्या का प्रकरण दर्ज कर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजी गई है। उज्जैन में पोस्टमार्टम के बाद बॉडी अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप गई है।
