कान्हा में फिर वन्यजीव की मौत घायल नर तेंदुए ने तोड़ा दम,  सवालों के घेरे में जंगल की सुरक्षा व्यवस्था 

मंडला। कान्हा से एक बार फिर चिंताजनक खबर सामने आई है। दलदला बीट कक्ष क्रमांक 729, एनीकट नाला (बेदीवारे–दलदला वनमार्ग) में एक नर तेंदुआ गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। जंगल की खामोशी के बीच यह घटना कई अनुत्तरित सवाल छोड़ गई।

सूचना मिलते ही कान्हा प्रबंधन सक्रिय हुआ। पशु चिकित्सा अधिकारी, भुआ बिछिया के चिकित्सक तथा स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक एवं हेल्थ जबलपुर के विशेषज्ञों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। त्वरित रेस्क्यू कर उपचार शुरू किया गया, लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही तेंदुए ने दम तोड़ दिया।

मामले में नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी, नई दिल्ली तथा मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक कार्यालय, भोपाल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति में पोस्टमार्टम कराया गया। प्रारंभिक जांच में शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए और प्रथम दृष्टया मृत्यु प्राकृतिक कारणों से होना प्रतीत हुई। निर्धारित एसओपी का पालन करते हुए अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। कान्हा जो देश-दुनिया में बाघों और समृद्ध जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध है, वहां बीते समय में भी बाघों की मौत की घटनाएं सामने आती रही हैं। हर बार प्रारंभिक जांच में ‘प्राकृतिक कारण’ सामने आते हैं, लेकिन लगातार हो रही घटनाएं जंगल प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।

क्या ये घटनाएं महज प्राकृतिक संघर्ष क्षेत्रीय वर्चस्व, शिकार की कमी या आपसी भिड़ंत—का परिणाम हैं ? या फिर कहीं न कहीं मानवीय हस्तक्षेप, अवैध गतिविधियां और दबाव भी इसकी पृष्ठभूमि में मौजूद हैं ? विशेषज्ञ मानते हैं कि संरक्षित क्षेत्रों में वन्यजीवों की मौत केवल एक आंकड़ा नहीं होती, बल्कि वह संरक्षण व्यवस्था की परीक्षा होती है। कान्हा प्रबंधन ने मामले की गंभीर समीक्षा की बात कही है, पर अब जरूरत है पारदर्शिता, सतत निगरानी और ठोस जवाबदेही की—ताकि जंगल में गूंजती दहाड़ें खामोश न हों और वन्यजीव संरक्षण पर उठते सवालों को स्पष्ट जवाब मिल सके।

Next Post

शुचि उपाध्याय की फिरकी में उलझी बड़ौदा, सर्वाधिक पांच विकेट लिए

Wed Feb 18 , 2026
मंडला। राजकोट में चल रहे सीनियर बालिका वर्ग के एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में मध्यप्रदेश सीनियर टीम में शामिल मंडला जिले की शुचि उपाध्याय ने पांच विकेट लेकर बड़ौदा टीम को बैक फुट में पहुंचा दिया और मध्यप्रदेश ने इस मैच में जीत दर्ज कर लिया है। बड़ौदा ने टॉस […]

You May Like