जगुआर लैंडरोवर की चौथी तिमाही में बिक्री 1.1 प्रतिशत बढ़ी

मुंबई (वार्ता) वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स की पूर्ण स्वामित्व वाली कंपनी जगुआर लैंडरोवर (जेएलआर) ने 31 मार्च को समाप्त चौथी और अंतिम तिमाही के दौरान एक लाख 11 हज़ार 413 वाहनों की थोक बिक्री की, जो पिछली तिमाही की तुलना में 6.7 प्रतिशत और सालाना आधार पर 1.1 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी ने सोमवार को शेयर बजार को बताया कि जेएलआर ने वित्त वर्ष 2024-25 में मजबूत बिक्री के साथ शुद्ध नकदी सकारात्मक स्थिति हासिल की तथा ‘रीइमेजिन’ रणनीति का प्रमुख लक्ष्य पूरा कर लिया। क्षेत्रीय स्तर पर कंपनी की बिक्री उत्तरी अमेरिका में 14.4 प्रतिशत और यूरोप में 10.9 प्रतिशत बढ़ी, जबकि ब्रिटेन में यह स्थिर रही। हालांकि चीन में थोक बिक्री में 29.4 प्रतिशत की गिरावट और अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 8.1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

उसने बताया कि खुदरा बिक्री के मोर्चे पर चौथी तिमाही में एक लाख आठ हजार 232 इकाइयों की बिक्री हुई, जो वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही की तुलना में 1.8 प्रतिशत अधिक, लेकिन इसके पिछले वित्त वर्ष 2023-24 की चौथी तिमाही की तुलना में 5.1 प्रतिशत कम रही।

कंपनी ने बताया कि सबसे अधिक बिकने वाले मॉडलों रेंज रोवर, रेंज रोवर स्पोर्ट और डिफेंडर का योगदान थोक बिक्री में चौथी तिमाही के दौरान 66.3 प्रतिशत और पूरे वर्ष में 67.8 प्रतिशत रहा, जो कंपनी के प्रीमियम सेगमेंट की स्थिर मांग को दर्शाता है। पूरे वित्त वर्ष की बात करें तो जेएलआर ने चार लाख 898 थोक इकाई और चार लाख 28 हजार 854 खुदरा इकाई की बिक्री दर्ज की, जो पिछले वर्ष के मुकाबले लगभग स्थिर रही।

उसने बताया कि इस शानदार प्रदर्शन के साथ कंपनी ने एक महत्वपूर्ण वित्तीय उपलब्धि शुद्ध नकद सकारात्मक स्थिति भी हासिल की है, जो उसकी ‘रीइमेजिन’ रणनीति का एक मुख्य लक्ष्य रहा है।

 

Next Post

आईआईएफएल फाईनेंस का 500 करोड़ का निर्गम खुला

Tue Apr 8 , 2025
नयी दिल्ली (वार्ता) नॉन-बैंकिंग फाईनेंशल कंपनी (एनबीएफसी) आईआईएफएल फाईनेंस लिमिटेड का 10.25 प्रतिशत प्रतिवर्ष तक के कूपन वाला निर्गम आज खुला। कंपनी इसके माध्यम से 500 करोड़ रुपये जितना चाह रही है। कंपनी ने आज यहां जारी बयान में कहा कि एकत्रित किए गए फंड का उपयोग आगे ऋण देने, […]

You May Like