
रीवा। नगर निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देशानुसार वार्ड क्रमांक 4, चोरहटा स्थित रानी तालाब मंदिर की मेड़ पर लंबे समय से किए गए अतिक्रमण को नगर निगम की उडऩदस्ता टीम द्वारा हटाने की कार्यवाही की गई. यह कार्रवाई तालाब के सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से की गई. उक्त कार्रवाई के दौरान चोरहटा रानीतालाब मंदिर की मेड़ से 17 कच्चे मकान एवं 1 पक्का मकान को जेसीबी मशीन के माध्यम से हटाया गया. पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. इस दौरान संपत्ति कोल, तिलकधारी उर्फ ललवा, लोली कोल, विरेन्द्र, संतोष, रमेश आदि के कच्चे मकानों को हटाया गया. नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने के साथ ही प्रभावित परिवारों को जनभागीदारी से निर्मित भवन में पुनर्वास करते हुए विस्थापित किया गया तथा उनकी सामग्री भी निगम अमले द्वारा वहां स्थानांतरित कराई गई. इसके साथ ही संबंधित कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट आदि आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई गई, ताकि क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें. उक्त कार्यवाही में सहायक यंत्री एवं अतिक्रमण प्रभारी राजेश चतुर्वेदी, रावेन्द्र शुक्ला, सुखेन्द्र चतुर्वेदी सहित नगर निगम की उडऩदस्ता दल के कर्मचारी मौजूद रहे.
