यरूशलम, 10 मार्च (वार्ता) इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को चेतावनी दी है कि उनका सैन्य अभियान ‘अभी खत्म नहीं’ हुआ है।
प्रधानमंत्री कार्यालय से मंगलवार को जारी बयान के अनुसार,श्री नेतन्याहू ने कहा कि इन हमलों ने ईरानी सरकार की क्षमताओं को गंभीर रूप से कमजोर कर दिया है। सोमवार रात इजरायल के स्वास्थ्य सेवा प्रमुखों की बैठक में श्री नेतन्याहू ने ईरानी जनता से अपने नेतृत्व को उखाड़ फेंकने का आह्वान दोहराया। उन्होंने कहा कि इजरायल को उम्मीद है कि ईरानी लोग अंततः ‘तानाशाही की बेड़ियां काट फेंकेंगे’। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा बदलाव ईरानी लोगों पर ही निर्भर करेगा।
इस बीच ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका से बातचीत अब देश के एजेंडे में नहीं है।
अमेरिकी पीबीएस न्यूज से बात करते हुए श्री अराघची ने जोर देकर कहा कि जब तक जरूरी होगा, तब तक ईरान मिसाइल अभियान जारी रखने को तैयार है। उनका यह बयान अमेरिका से तत्काल बातचीत के खिलाफ सख्त रुख का संकेत है।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान के साथ संघर्ष ‘बहुत जल्द’ खत्म हो जायेगा।
इजरायल-अमेरिका ने संयुक्त रूप से 28 फरवरी को ईरान पर हमला किया था। इस घटना ने घातक क्षेत्रीय संघर्ष को जन्म दिया है, जो अब पूरे पश्चिम एशिया में फैल गया है।
