सनावद में भीषण हादसा: राखड़ भरे ट्रक और बस की टक्कर में स्कूटी सवार दो लोग जिंदा जले

सनावद, 05 अक्टूबर 2025: इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने रविवार को एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। तेज रफ्तार राखड़ से भरे एक ट्रक ने पहले एक बस और फिर एक स्कूटी को टक्कर मार दी, जिसके बाद स्कूटी ट्रक में फंस गई। हादसे के बाद ट्रक सड़क से नीचे उतर गया और उसमें आग लग गई, जिससे स्कूटी सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि आग की लपटों ने स्कूटी सवारों को बचने का कोई मौका नहीं दिया। संवत नगर पालिका की दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हादसे की सूचना मिलते ही पुनासा के एसडीएम पंकज वर्मा घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

हाईवे पर लगा लंबा जाम

हादसे के बाद इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सनावद और मोरटक्का पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जाम को खुलवाने का प्रयास किया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सनावद अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी है, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक बड़वाह के निवासी हो सकते हैं।

भारी वाहनों के प्रवेश से बढ़ी दुर्घटनाएं

हाल ही में खंडवा कलेक्टर ने मटका पुल पर भारी वाहनों के प्रवेश पर लगी रोक को हटा दिया था। इस निर्णय के बाद से मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन शुरू हुआ, जिसके साथ ही जाम और दुर्घटनाओं का सिलसिला भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात प्रबंधन और सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Next Post

महिला विश्व कप में भारत और पाकिस्तान की कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाया

Sun Oct 5 , 2025
कोलंबो, 05 अक्टूबर (वार्ता) पाकिस्तान के खिलाफ अपने मैचों में भारत के हाथ न मिलाने के रुख को जारी रखते हुए, कप्तान हरमनप्रीत कौर और फातिमा सना ने रविवार को कोलंबो में महिला विश्व कप 2025 के अपने मुकाबले में टॉस के समय एक-दूसरे से हाथ न मिलाने का रुख […]

You May Like