लक्ष्मीकांत ढोके
पांढुरना: मध्य प्रदेश विधान सभा के बजट सत्र के दौरान फिर एक बार पांढुरना विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीलेश उइके आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के ग्रामों के छात्रों की उच्च शिक्षा के लिए ग्राम पाठई में महाविद्यालय वहीं क्षेत्र के आदिवासी बाहुल्य मुख्यालय वाले ग्राम नांदनवाडी में एकलव्य स्कूल शुरू कराने,किसानों को उनकी उपज का उचित मुल्य,क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों के प्रमुख पहुंच मार्ग की पक्की सडक़े,पुल,पुलियाओं के निर्माण को लेकर मुखरता से अपनी बात विधानसभा में रखेंगे ।
इन मुद्दों पर रखेंगे अपनी बात
भोपाल रवाना होने से पहले पांढुरना विधायक नीलेश उइके ने नवभारत से चर्चा करते हुए कहा कि इस बार के इस बजट सत्र के दौरान वे फिर एक बार प्रदेश सरकार का ध्यान अपने इस आदिवासी बाहुल्य पांढुरना विधान सभा क्षेत्र के ग्रामों के प्रमुख पहुंच मार्गां की पक्की सडक़े,पुल,पुलियाओं के निर्माण के साथ ही छात्रों को अच्छी पढ़ाई उपलब्ध कराने के लिए ग्राम नांदनवाडी मुख्यालय में एकलव्य स्कूल तथा ग्राम पाठई में उच्च शिक्षा हेतू महाविद्यालय शुरू कराने,पांढुरना नगर जिला मुख्यालय के तीन शेर चौक से लेकर ग्राम बनगांव होते हुए महाराष्ट्र सीमा की वर्धा पुलिया तक खराब हो चुकी सडक़ को पूरी गुणवंत्ता के साथ बनाने की मांग करेंगे।
बार-बार ध्यानाकर्षण करा चुके है
विधायक श्री उइके ने बताया कि उन्होंने इसके पूर्व भी कई बार मुख्यमंत्री तथा विभागीय मंत्रियों एवं विभाग प्रमुख अधिकारियों से भी व्यक्तिगत रूप से आमने सामने भेट कर तो कई बार हस्ताक्षरयुक्त पत्र सौप बिना किसी राजनीतिक द्वेष भावना के विकास के मुद्दे तथा छात्रों के उज्जवल भविष्य को देखते हुए पांढुरना विधान सभा क्षेत्र के ग्राम पाठई में महाविद्यालय तथा ग्राम नांदनवाडी के एकलव्य स्कूल शुरू कराने का निवेदन कर चूके है ।
छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़
विधायक नीलेश उइके द्वारा सरकार पर इनके क्षेत्र के साथ पक्षपात का आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने पूर्व के सत्रों के दौरान क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं के साथ ही इनके आदिवासी बाहुल्य विधानसभा क्षेत्र के ग्रामों के छात्रों की अच्छी गुणवंता पूर्ण तथा उच्च शिक्षा के लिए एकलव्य स्कूल एवं महाविद्यालय शुरू कराने की बात प्रमुखता से रखी है,लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा क्षेत्र के विकास कार्यों के साथ ही छात्रों के भविष्य को भी नजर अंदाज करते रहीं है।
प्रमुखता से रखेंगे अपनी बात:
विधायक श्री उइके ने कहा कि इनके द्वारा बार-बार अपनी बात सरकार के पास रखने के बावजूद सरकार द्वारा इस और कोई भी सार्थक पहल नहीं करने से वे कदापि निराश नहीं है,वे अपने कर्तव्यों को पूरी तरह निभाते हुए इस बार भी अपने इस पांढुरना विधान सभा क्षेत्र के इन ज्वलंत मुद्दों से सरकार को रूबरू कराने इस बार भी फिर इस बजट सत्र के दौरान विधान सभा पटल पर अपनी बात प्रमुखता से रखेंगे ।
विकास कार्य कराने में भेदभाव न करे सरकार
विधायक नीलेश उईके का मानना कि सरकार द्वारा किसी भी क्षेत्र का विकास वहां के किस राजनीतिक दल के नेता द्वारा प्रतिनिधित्व किया जा रहा है,उसे देखकर नहीं बल्कि उस क्षेत्र के लोगों के उन्नति क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए अधिक से अधिक विकास कार्य की योजनाओं को स्वीकृति देंने के साथ ही राशि आवंटित करनी चाहिए ।
