पिपलिया फोरलेन पर दर्दनाक हादसा, कार की टक्कर से दम्पत्ति की मौत


पिपलिया स्टेशन:महू-नीमच हाईवे पर दो अलग-अलग सड़क हादसों ने क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। पहले हादसे में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दम्पत्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे हादसे में अज्ञात ट्रक की टक्कर से महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ही मामलों में वाहन चालक हादसे के बाद फरार हो गए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टर्न लेते समय कार ने मारी टक्कर, मौके पर मौत:-
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब तीन बजे पिपलिया चौपाटी से आगे ‘रोड़ के राजा स्थान’ के समीप फोरलेन पर यह दर्दनाक हादसा हुआ। पिपलिया जोधा (नारायणगढ़) निवासी दिनेश पिता भंवरलाल जैन अपनी पत्नी विमलाबाई के साथ मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान फोरलेन पर टर्न लेते समय मंदसौर से नीमच की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस वाहन एवं टोल एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कार रघुनंद नागदा (27) निवासी बघाना, नीमच चला रहा था, जो घटना के बाद वाहन सहित फरार हो गया। मृत दम्पत्ति अपने पीछे दो बेटियां छोड़ गए हैं। इनमें से एक की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी अभी पढ़ाई कर रही है।
बही चौपाटी पर ट्रक की टक्कर, तीन गंभीर:-
दूसरा हादसा शुक्रवार रात करीब नौ बजे बही चौपाटी पर हुआ। नारायणगढ़ निवासी समरथ (45) पिता उदयराम मालवीय, उदयराम (65) पिता नाथू मालवीय एवं देवकन्या (21) पिता समरथ मालवीय मोटरसाइकिल से एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल टोल एम्बुलेंस को सूचना दी। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल मंदसौर रेफर किया गया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी:-
पिपलियामंडी थाना प्रभारी विक्रमसिंह इवने ने बताया कि दोनों मामलों में संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है।
क्षेत्रवासियों में रोष, सुरक्षा की मांग:-
लगातार हो रहे सड़क हादसों से क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि फोरलेन पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। नागरिकों ने प्रशासन से स्पीड कंट्रोल के लिए सख्त कार्रवाई, चेतावनी संकेतक एवं आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है। दो दिनों में दो बड़े हादसों ने एक बार फिर फोरलेन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं

Next Post

भगवान भोलेनाथ बने दूल्हा, बाराती सारा शहर

Sun Feb 15 , 2026
सीहोर: देवादिदेव महादेव की भक्ति का पर्व महाशिवरात्रि रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. दिनभर शहर के शिवालयों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं. भगवान भोलेनाथ का अभिषेक होता रहा. समीप के कुबेरेश्वर धाम पर भी जारी शिव महापुराण में भक्तों की अपार भीड़ देखी गई. शाम को […]

You May Like