सीहोर: देवादिदेव महादेव की भक्ति का पर्व महाशिवरात्रि रविवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. दिनभर शहर के शिवालयों में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं. भगवान भोलेनाथ का अभिषेक होता रहा. समीप के कुबेरेश्वर धाम पर भी जारी शिव महापुराण में भक्तों की अपार भीड़ देखी गई. शाम को शहर में भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली गई.महाशिवरात्रि पर्व के उपलक्ष्य में शहर भर के शिवालयों और मंदिरों पर आकर्षक साजसज्जा की गई थी.
सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के विशेष साज श्रंृगार के साथ ही अभिषेक प्रांरभ हो गए थे, शहर के मनकामेश्वर मंदिर, भूतेश्वर मंदिर, चमत्कारेश्वर, बिलवेश्वर महादेव मंदिर सहित सभी मंदिरों में सुबह से शाम तक भगवान भोलेनाथ पर जल चढ़ाने वालों की कतारें देखी गई. बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों ने व्रत उपवास रखकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया.
रविवार को शहर में महाशिवरात्रि उत्साह के साथ मनाई गई. दिन भर मंदिरों में शिवाभिषेक का सिलसिला बना रहा. जगह-जगह खिचड़ी, मठा वितरित किया जाता रहा.
लिसा चौराहे पर महाकाल सेवा समिति द्वारा साबूदाने की खीर, खिचड़ी और हलवे का प्रसाद वितरित किया गया. इसी तरह मनकामेश्वर महादेव मंदिर पर भाजपा नेता जसपालसिंह अरोरा द्वारा खिचड़ी का वितरण किया गया. इसके अलावा नमक चौराहा सहित अन्य स्थानों पर भी प्रसाद वितरित किया जाता रहा. शाम को इंदौर नाका स्थित बटेश्वर महादेव मंदिर से निकाली गई. शिव बारात आयोजन समिति के तत्वावधान में निकाली गई शिव बारात को देखने हजारों की भीड़ उमड़ आई थी.
शाम से मेन रोड की दुकानों के फुटपाथ पर लोगों ने डेरा जमा लिया था. शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी शिव बारात में भक्त मस्ती में झूमते नाचते दिखाई दिए. काशी विश्वनाथ मंदिर पर महा आरती के बाद बारात का समापन हुआ.शिव बारात समिति के संस्थापक लोकेश सोनी ने बताया कि कलाकारों की प्रस्तुति हेतु चल समारोह मार्ग पर आठ पॉइंट बनाए गए थे. शहर में भव्य और विशाल शिव बारात को देखने के लिए शहर ही नहीं आसपास के ग्रामीण अंचलों के भक्तों के अलावा कुबेरेश्वर धाम पर आए देश भर के श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ आई थी.
बुधनी में दिन भर बना रहा शिवमय वातावरण
उधर, बुधनी में महाशिवरात्रि पर्व पर नगर भक्ति और श्रद्धा में सराबोर नजर आया. तड़के सुबह चार बजे से ही शिवालयों के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गई. मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक एवं रुद्राभिषेक कर फल, फूल, भांग, धतूरा, बेलपत्र, मावा और गंगाजल अर्पित किया. नगर के सभी प्रमुख शिवालयों में विशेष पूजा-अनुष्ठान आयोजित किए गए, जहां भक्ति, आस्था और अनुशासन का अद्भुत संगम देखने को मिला. सुबह से ही नगर के प्राचीन शिव मंदिरों में भगवान शिव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. स्थानीय तहसील परिसर में स्थित नव निर्मित प्राचीन शिव मंदिर को महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष रूप से सजाया गया था.
देवलोक के सभी देवगण बारात में हुए शामिल
महाशिवरात्रि पर निकाली जाने वाली भव्य शिव बारात शहर का प्रमुख आयोजन हो गई है. विशाल अघोरी एण्ड ग्रुप दिल्ली, नवाब विनय आर्ट ग्रुप जम्मू, भस्म रमैया भक्त मण्डल उज्जैन, वटेश्वर महादेव भक्त मण्डल सीहोर,इन्दौर, भोपाल, बैरसिया, की आकर्षक झाकियां, वृंदावन की रासलीला, राजस्थान का घुमर,12 ज्योर्तिलिंग के दर्शन बाबा महांकाल के दर्शन, श्याम प्रेमी ग्रुप जबलपुर, गुरू तेजबहादुर एंड गतका अखाडा पंजाब, सोनू सांवरिया एंड ग्रुप पंजाब, प्रतीक 21 रंगोली आट्रिस्ट कोलहापुर महाराष्ट्र, शिव कन्या ढोल ग्रुप छिन्दवाड़ा की प्रस्तुति ने समां बांध दिया, वहीं महाकाल आर्ट ग्रुप कोटा व इंदौर के कलाकारों द्वारा बाबा महाकाल की झांकियां प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था. इसके अलावा स्थानीय कलाकारों द्वारा बनाई गई भगवान भोलेनाथ के आदि योगी स्वरूप की भव्य प्रतिमा के साथ 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन भक्तों ने किए. वहीं दूसरी रासलीला शिव तांडव की प्रस्तुति ने शिव बारात की भव्यता को और वैभव प्रदान किया
