
जबलपुर:शहर के आरटीओ (क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय) में इन दिनों अव्यवस्था का आलम देखने को मिल रहा है। यहां रोजाना सैकड़ों की संख्या में लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन और अन्य कार्यों के लिए पहुंचने वाले नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी जूझना पड़ रहा है। सबसे गंभीर समस्या शुद्ध पेयजल की है, क्योंकि कार्यालय परिसर में लगे वॉटर फिल्टर लंबे समय से बंद पड़े हैं साथ ही फिल्टर के आस पास गंदगी मची हुई है, जिसे देखकर लोग पानी पीने से भी कतराते हैं। दूर-दराज से आने वाले लोग घंटों लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन प्यास बुझाने के लिए उन्हें बाहर दुकानों का सहारा लेना पड़ता है।
साफ-सफाई की स्थिति भी चिंताजनक
कार्यालय परिसर की साफ-सफाई की स्थिति भी चिंताजनक है। चारों ओर गंदगी फैली हुई है और दीवारों व कोनों में पान-गुटखे की पीक के निशान साफ देखे जा सकते हैं। इससे न केवल वातावरण दूषित हो रहा है, बल्कि कार्यालय की छवि पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
गर्मी हो रही शुरू, व्यवस्थाएं हों दुरुस्त
गर्मी का मौसम शुरू होने को है, ऐसे में पीने के पानी की व्यवस्था न होना लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। उल्लेखनीय है कि लाइसेंस एवं वाहन संबंधित कार्यों के लिए लोगों को कम से कम 2 से 3 घंटे कार्यालय में लग ही जाते हैं, इतने समय में लोगों को प्यास जरूर लगती है, लेकिन वॉटर फिल्टर बंद होना साथ ही गंदगी देख लोगों के पानी पीने की इच्छा ही समाप्त हो जाती लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द वॉटर फिल्टर दुरुस्त कराए जाएं, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
इनका कहना है
इस कार्य को कौन देखता है, उसकी जानकारी लेकर बंद पड़े वॉटर फिल्टर को चालू करवाए जाएंगे और व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित होगी।
संतोष पाल, सहायक आरटीओ
