भिंड: भिंड नगर पालिका परिषद में आयोजित सामान्य सभा की बैठक उस समय हंगामे में बदल गई, जब विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा बाल्मीकि के कथित प्रतिनिधि के बीच जमकर बहस हो गई। बैठक में शहर के विकास कार्यों को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान विधायक ने अध्यक्ष के वार्ड में विकास कार्य रुके होने का मुद्दा उठाया। इस पर कथित अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील बाल्मीकि खड़े हो गए और माइक खींचते हुए अपना पक्ष रखने का प्रयास किया।
इस पर विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने कड़ा ऐतराज जताया और कहा कि उन्हें परिषद की बैठक में बोलने का कोई अधिकार नहीं है। विधायक ने स्पष्ट किया कि बैठक का संचालन केवल अध्यक्ष या उपाध्यक्ष ही कर सकते हैं, किसी भी प्रकार के प्रतिनिधि की कोई वैधानिक भूमिका नहीं होती।विवाद बढ़ने पर विधायक नाराज हो गए और तत्काल सुनील बाल्मीकि को बैठक से बाहर करवा दिया। इस दौरान कुछ देर के लिए बैठक में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष का कोई प्रतिनिधि नहीं होता। उनके अनुसार, सुनील बाल्मीकि जबरन बैठक की दिशा मोड़ने का प्रयास कर रहे थे। पार्षदों के विरोध के बाद उन्हें बैठक से बाहर किया गया। विधायक ने हंगामे की बात से इनकार करते हुए कहा कि बैठक पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। उन्होंने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से करीब 50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है, जिनका असर जल्द दिखाई देगा।
