जहरीली हवा के खिलाफ दिल्ली में एनएसयूआई का विरोध प्रदर्शन, स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करने की मांग

नयी दिल्ली 09 फ़रवरी (वार्ता) नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने राजधानी में ज़हरीले वायु प्रदूषण के बढ़ते संकट के खिलाफ सोमवार को यहां रायसीना रोड पर विरोध प्रदर्शन किया।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान सरकार से तत्काल सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करने की मांग की गई।

एनएसयूआई ने राजधानी की खतरनाक वायु गुणवत्ता और इसके छात्रों और आम जनता के स्वास्थ्य पर पड़ रहे गंभीर प्रभाव को लेकर गहरी चिंता जताई। संगठन ने आरोप लगाया कि सरकार प्रदूषण पर काबू पाने के लिए त्वरित और प्रभावी कदम उठाने में पूरी तरह विफल रही है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस की तैनाती के बावजूद, प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

श्री चौधरी ने कहा “वायु प्रदूषण अब एक राष्ट्रीय स्वास्थ्य संकट बन चुका है। छात्र रोज़ाना ज़हरीली हवा में सांस लेने को मजबूर हैं, जबकि सरकार निष्क्रिय बनी हुई है। शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों को रोकने के बजाय भाजपा सरकार को तुरंत सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करना चाहिए और नागरिकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।”

एनएसयूआई ने दोहराया कि जब तक वायु प्रदूषण से निपटने और सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा के लिए निर्णायक और तत्काल कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उसका लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।

 

 

Next Post

घर खरीदारों को राहत: SC ने सुपरटेक की 16 अटकी परियोजनाएँ पूरी करने एनबीसीसी का अधिकार बरकरार रखा

Mon Feb 9 , 2026
नई दिल्ली। भारत के रियल एस्टेट और अवसंरचना क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में सर्वोच्च न्यायालय ने राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय अधिकरण (NCLAT) के उस निर्णय को बरकरार रखा है, जिसके तहत नवरत्न सार्वजनिक उपक्रम एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड को सुपरटेक लिमिटेड की 16 अटकी हुई आवासीय परियोजनाओं को पूरा […]

You May Like