18.4 इंच पर पहुंचा बदनावर में बारिश का आंकड़ा

बदनावर। पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश ने बदनावर क्षेत्र के किसानों की चिंता कम कर दी है। खेतों में खड़ी सोयाबीन की फसल को इस समय पानी की आवश्यकता थी और बारिश होने से फसल को राहत मिली है। अच्छी बारिश का असर आने वाले दिनों में उत्पादन पर भी दिखाई देने की उम्मीद है। कुछ दिन बारिश का दौर थमने से किसानों की चिंता बढ़ गई थी। आसमान की ओर टकटकी लगाए किसान बारिश का इंतजार कर रहे थे। अब बारिश ने एक बार फिर खेतों में नमी लौटाई है, जिससे किसानों के चेहरों पर रौनक दिखाई देने लगी है। बारिश का असर बाजारों में भी नजर आ रहा है। मालवा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर है। ऐसे में बारिश का सीधा असर खेती के साथ-साथ ग्रामीण बाजार और व्यापार पर भी पड़ता है। इस वर्ष मौसम को लेकर अलग-अलग पूर्वानुमानों के बीच किसानों की नजर लगातार बारिश के आंकड़े पर बनी हुई है। कृषि विस्तार अधिकारी सूर्यभानुप्रताप सिंह राठौर के अनुसार, बदनावर क्षेत्र में अब तक 18.4 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अभी अगस्त का आधा माह और सितंबर का पूरा महीना बारिश के लिए बाकी है। ऐसे में यदि आगामी दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहा तो इस वर्ष बारिश सामान्य आंकड़े तक पहुंचने की उम्मीद है। बारिश ने फिलहाल किसानों को राहत की सांस दी है। अब किसानों की निगाहें आने वाले दिनों के मौसम पर टिकी हैं, ताकि सोयाबीन की फसल को जरूरत के मुताबिक पानी मिलता रहे और उत्पादन बेहतर हो सके।

Next Post

कमिश्नर ने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का किया निरीक्षण

Thu Aug 13 , 2026
रीवा, कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया. कमिश्नर ने ओपीडी, कॉर्डियालॉजी विभाग, न्यूरो विभाग, कैथलैब तथा दवा स्टोर का निरीक्षण किया. कमिश्नर ने कहा कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जटिल रोगों के सफल उपचार का केन्द्र बन गया है. अस्पताल में उपचार व्यवस्था बेहतर […]

You May Like