फिल्म ‘दोस्ती’ से पहचान बनाने वाले संजय खान 60–70 के दशक के सबसे भरोसेमंद सितारों में रहे। लगातार हिट फिल्मों ने उन्हें ‘गोल्डन बॉय ऑफ बॉलीवुड’ बनाया।
Sanjay Khan Birthday Special Story: बॉलीवुड अभिनेता संजय खान 60 और 70 के दशक में उन चुनिंदा सितारों में गिने जाते थे, जिनकी फिल्में लगातार सफल होती थीं। अच्छी कद-काठी, दमदार आवाज और पर्दे पर गंभीर मौजूदगी की वजह से उन्हें इंडस्ट्री में खास पहचान मिली। इसी दौर में लोग उन्हें प्यार से ‘गोल्डन बॉय ऑफ बॉलीवुड’ कहने लगे थे। यह टैग उन्हें ऐसे ही नहीं मिला था, बल्कि इसके पीछे उनकी फिल्मों की कामयाबी और उनका स्टारडम था।
संजय खान का जन्म 3 जनवरी 1940 को बेंगलुरु में हुआ था। उनका असली नाम शाह अब्बास अली खान था। बचपन से ही उनका झुकाव फिल्मों की ओर था। कहा जाता है कि राज कपूर की फिल्म ‘आवारा’ देखने के बाद उन्होंने तय कर लिया था कि उन्हें फिल्मों में ही काम करना है। यही फैसला आगे चलकर उनकी जिंदगी की दिशा बन गया।
