
सिंगरौली : बारिश के बीच शहर की बदहाल सड़कों और जलभराव की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ननि अध्यक्ष देवेश पांडेय ने शनिवार को वार्ड क्रमांक 38 का स्थलीय निरीक्षण किया।ननि अध्यक्ष ने गैस पाइपलाइन और सीवर लाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों, नालियों की स्थिति तथा जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ननि के इंजीनियरों के साथ वार्ड 38 के कांग्रेस पार्षद अनिल बैस भी मौजूद रहे। पार्षद ने क्षेत्र में जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने तथा नागरिकों की परेशानियों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग रखी। ननि अध्यक्ष ने कहा कि बरसात के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी वार्डों की लगातार निगरानी की जा रही है। जहां भी सड़क, नाली या जलनिकासी से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं, वहां संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने शहर के अन्य वार्डों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत और विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
