अशोकनगर: जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जसैया गांव में मंगलवार बुधवार की दरमियानी रात एक वाहन दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। दुर्घटना की जानकारी तब हुई, जब परिजन युवक को तलाशने बुधवार सुबह निकले।बताया गया है कि मुकेश पुत्र उम्मेद सिंह केवट उम्र 35 वर्ष निवासी जसैया मंगलवार को गेहूं की उपज बेचने के लिए गांव से ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर विदिशा जिले के बामौरी शाला गया हुआ था।
वह रात में वापिस लौटकर घर नहीं पहुंचा और उसका मोबाइल बंद आ रहा था तो परिजन बुधवार सुबह उसकी तलाश में घर से निकले थे। घर से महज एक किलोमीटर की दूरी पर कोंचा बांध की पिक अप वियर के पास एक खाई में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटे हुए मिले, जिसमें ट्रैक्टर के नीचे मुकेश का शव दबा हुआ था। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे डायल 100 के ड्यूटी आरक्षक करीम खान और चालक फूल सिंह अहिरवार ने परिजनों की सहायता से मृत युवक को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला और शव को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर लेकर आए। जहां उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा।