रक्षा मंत्रालय ने असम सरकार को समर्पित एसएसबी केंद्र की स्थापना का दिया आश्वासन

गुवाहाटी (वार्ता) केंद्र सरकार के रक्षा मंत्रालय ने सूचित किया है कि गुवाहाटी में एक सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी) केंद्र स्थापित करने के असम सरकार के प्रस्ताव पर सक्रिय रूप से विचार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा आज जारी एक बयान में कहा गया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा 6 अगस्त को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को लिखे एक पत्र के माध्यम से यह जानकारी दी गई है।

गौरतलब है कि सशस्त्र बलों में अधिकारियों के चयन के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करने और स्थानीय युवाओं को रक्षा बलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से, मुख्यमंत्री ने इस वर्ष फरवरी में रक्षा मंत्रालय को एक पत्र लिखा था।

इस पत्र के माध्यम से श्री सरमा ने गुवाहाटी में एक समर्पित एसएसबी केंद्र स्थापित करने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मदद मांगी। श्री सरमा ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के उम्मीदवारों के लिए मौजूदा एसएसबी केंद्रों तक पहुंचना चुनौतीपूर्ण होता है क्योंकि ये केंद्र उत्तरी, मध्य और दक्षिणी भारतीय क्षेत्रों में स्थित हैं।

असम के मुख्यमंत्री ने गुवाहाटी एसएसबी केंद्र की स्थापना के लिए गुवाहाटी में खाली सैन्य भूमि उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।

इसके जवाब में, रक्षा मंत्रालय ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और गुवाहाटी में सेना तथा वायु सेना के लिए एक संयुक्त चयन केंद्र, उत्तर पूर्व की स्थापना की व्यवहार्यता पर सक्रिय रूप से विचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री को धन्यवाद दिया और पूर्वोत्तर क्षेत्र के युवाओं के लाभ के लिए गुवाहाटी में एसएसबी केंद्र की स्थापना के लिए आभार व्यक्त किया।

 

Next Post

मोदी ने राजघाट जाकर किया बापू को नमन

Fri Aug 15 , 2025
नयी दिल्ली 15 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि राजघाट जाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। देश आज 79 वाँ स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस अवसर पर ऐतिहासिक लाल किले पर आयोजित मुख्य समारोह में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री राजघाट गए […]

You May Like