अधजली अवस्था में मिला सीहोर के युवक का शव

सीहोर। शनिवार को अपने घर से लापता थाना कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मपुरी कालोनी निवासी युवक का शव शाजापुर जिले के शुजालपुर मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम पत्थर अमलाय के पास अधजली अवस्था में पुलिस ने बरामद किया है. शव को कुत्ते नोच रहे थे तब ग्रामीणों ने देखा और पुलिस को सूचित किया. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक की गला रेतकर हत्या करने के बाद शव को जलाने की कोशिश की गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के थाना कोतवाली अंतर्गत आने वाले ब्रह्मपुरी कालोनी में रहने वाले प्रेमनारायण शर्मा का 27 वर्षीय पुत्र गोलू शर्मा शनिवार दोपहर से अपने घर से लापता था. बताया जाता है कि वह कुबेरेश्वर धाम पर प्रसाद बेचने का काम करता था. शनिवार रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत देर रात थाना कोतवाली में दर्ज कराई. अगले ही दिन शाजापुर जिले के शुजालपुर मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम पत्थर अमलाय के पास निपानिया देव गांव के मार्ग पर रविवार की सुबह एक अधजले युवक का शव नजीरुद्दीन पिता कमरुद्दीन के खेत में सड़क किनारे मिला. शव को कुत्ते नोंच रहे थे जिन्हें ग्रामीणों ने देखा. इसके बाद इसकी जानकारी ग्रामीणों द्वारा मंडी पुलिस थाने पर दी गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक की गला रेतकर हत्या करने के बाद शव को जलाने की कोशिश की गई है. घटनास्थल के आसपास पत्थरों पर खून भी फैला मिला है, जिससे यह प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है. शुजालपुर पुलिस ने जब शव की शिनाख्त की तो वह ब्रह्मपुरी कालोनी निवासी युवक गोलू शर्मा का निकला. आरोपियों ने निर्दयता के साथ उसका गला रेता और फिर पहचान छुपाने के लिए उसे जलाने का प्रयास किया. मामले में थाना कोतवाली प्रभारी रविन्द्र यादव का कहना है कि मृतक के परिजनों से पूछताछ में कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं. पुलिस उनकी तलाश कर रही है. उसके बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकेगा.

Next Post

रीठी बाईपास पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से 65 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत

Sun Feb 8 , 2026
कटनी। दमोह मुख्य मार्ग स्थित रीठी बाईपास में आज एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई। तहसील कार्यालय के सामने तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 65 वर्षीय वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्राप्त जानकारी […]

You May Like