
छतरपुर। जिले के हमा गांव में संत रविदास महाराज की मूर्ति तोड़े जाने की घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण और सामाजिक संगठनों के लोग सिटी कोतवाली पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि अज्ञात लोगों द्वारा रात के समय मूर्ति को क्षतिग्रस्त किया गया, जिससे स्थानीय लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद लोगों ने पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की।
मामले में भीम आर्मी सहित अन्य सामाजिक संगठनों ने भी विरोध जताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
