
रीवा, रीवा शहर में चोरी और सीना जोरी जैसी कहावत से मिलती जुलती एक घटना प्रकाश में आयी है. यहां आधी रात चोरी करते रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद मानवता के नाते छोड़े गए चोर ने सुबह थाने पहुंचकर पुलिस को मनगढंत कहानी सुनाकर उल्टा शिकायत दर्ज करा दी.
इतना ही नही उसने पुलिस को जो चोटे दिखाई वह भागने की कोशिश में गिरने से लगी और उन्हीं चोटो को मारपीट बताकर पुलिस को भी गुमराह कर दिया. फिलहाल मामले मे फरियादी आरोपी बन गया और आरोपी फरियादी बन गया. हालाकि इस मामले को लेकर आज पीडि़त परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने व फर्जी रिपोर्ट लिखाने वाले के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है.
दरअसल मामला शहर के बिछिया थाना क्षेत्र बिछिया मोहल्ले का है. घटना के संबंध में बिछिया निवासी अफसाना खान ने बताया कि बीते कुछ दिनों से मोहल्ले में लगातार घरों के बाहर खडे वाहनों पेट्रोल चोरी हो रहा था. घटना दिनांक की रात भी चोरी करने के इरादे से एक युवक पहुंचा, जिसके हाथ में प्लास्टिक का बॉटल था. आधी रात चोर की आहट मिलते ही जैसे ही पीडि़त परिवार के लोग बाहर आए तो चोर भागने लगा, जिसे पकडकर पूंछताछ की गई तो उसने अपना नाम रईश खान बताया जो मोहल्ले का ही निकला. महिला के मुताबिक घटना के वक्त भागने की कोशिश में वह गिरकर घायल हुआ था, लेकिन मोहल्ले के नाते उसे समझाइस और हिदायत देकर छोड दिया गया और पुलिस को सूचना नहीं दी गई. लेकिन दूसरे ही दिन पता चला कि चोरी करते पकडे गए युवक ने अपने परिवार के साथ थाने पहुंचकर उल्टा मारपीट व पैसे छीनने का आरोप लगाकर शिकायत दर्ज करा दी. फिलहाल पीडित महिला नें उसके परिवार के विरूद्ध हुई शिकायत को फर्जी और मनगढंत बताते हुये जांच कराने और कार्यवाही की मांग की है.
