
उज्जैन। श्रावण सोमवार को महाकाल मंदिर के पट रात 2.30 बजे खुलेंगे और भस्मारती होगी। श्रावण व भादो मास में भगवान महाकाल की दिनचर्या बदल जाती है। अधिक से अधिक श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन लाभ ले सके इसको ध्यान में रखते हुए भगवान एक घंटे पहले जागते हैं। श्रावण व भादो मास में महाकाल की भस्मारती रोज सुबह 3 बजे से और प्रति सोमवार को रात 2.30 बजे से की जाएगी। आम दिनों में भस्मारती रोज सुबह 4 बजे से होती है व आम दर्शन का सिलसिला सुबह 6 बजे बाद से होता है। श्रावण में 5 बजे बाद ही आम दर्शन शुरू हो रहे हैं।
प्रदीप महाराज की शिव पुराण कथा-भैरवगढ़ रोड स्थित मां बगलामुखी धाम मंदिर में विराजित दस महाविद्या देवियों के दरबार में पं. प्रदीप महाराज की शिव महापुराण कथा चल रही है। धाम के पीठाधीश्वर योगी पीर महंत रामनाथ महाराज ने महापुराण का पूजन-अर्चन कर कथा आयोजन का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ किया। कथा प्रतिदिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक होगी। समापन 6 अगस्त को किया जाएगा। कथा में प्रतिदिन 51 बटुक ब्राह्मणों के द्वारा मंत्रोच्चार कर पूजन-अर्चन व आरती की जा रही है। कथा सुनने श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और निशुल्क अन्नक्षेत्र में भोजन प्रसाद भी ग्रहण कर रहे हैं।
