बजट के विरोध में सड़क पर उतरीं महिलाएं, ठेले पर स्कूटी और सिलेंडर रख जताया विरोध

भोपाल। डॉ मोहन यादव सरकार के बजट में महिलाओं को महंगाई से राहत नहीं मिलने के विरोध में आज गुरुवार को मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस ने राजधानी भोपाल में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले का घेराव करने निकलीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें रेडक्रॉस हॉस्पिटल के पास बैरिकेडिंग कर रोक लिया।

इससे पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने ठेले पर स्कूटी और गैस सिलेंडर रखकर मंत्री निवास की ओर कूच किया। नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रही महिलाओं को पुलिस ने बीच रास्ते में रोक दिया, जिससे तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री का पुतला जलाने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने विफल कर दिया। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई। कुछ महिलाएं बैरिकेडिंग पर चढ़ गईं, जबकि अन्य सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगीं।

महिला कार्यकर्ताओं का कहना था कि बजट में न तो रसोई गैस सस्ती की गई और न ही पेट्रोल-डीजल या घरेलू खर्चों पर कोई राहत दी गई। कुछ प्रदर्शनकारी महिलाओं ने अपने क्षेत्रों में गंदे पानी और महंगाई से जुड़ी समस्याओं का भी मुद्दा उठाया।

पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन सौंपकर धरना समाप्त करने का अनुरोध किया। बाद में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने सड़क पर ही पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और कार्यकर्ता वापस प्रदेश कांग्रेस कार्यालय की ओर लौट गईं।

Next Post

एजेंडे को लेकर परिषद बैठक में रार: नेता प्रतिपक्ष समेत भाजपा के कई पार्षदो ने बैठक से किया वाकआऊट

Thu Feb 19 , 2026
सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली के सभागार में आज गुरूवार की दोपहर नगर परिषद अध्यक्ष देवेश पाण्डेय की अध्यक्षता में एवं आयुक्त सविता प्रधान की मौजूदगी में बैठक शुरू हुई। बैठक के शुरुआत होते ही भाजपा के पार्षद संतोष शाह ददोली ने भ्रष्ट्राचार का मुद्दा उठाते हुए बैठक से वाकआऊट […]

You May Like