सतना/मैहर :मैहर जिले के रामनगर विकासखण्ड में लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा दिये गये आवंटन के दुरूपयोग और राशि के गबन संबंधी प्रकरण ध्यान में आने पर मैहर कलेक्टर रानी बाटड ने जांच समिति का प्रतिवेदन प्राप्त होने के पश्चात निष्कर्षो के अनुरूप सख्त कार्यवाही अमल में लाई है। जांच प्रतिवेदन के आधार पर कमिश्नर रीवा संभाग श्री बीएस जामोद ने 7 स्कूलों के प्राचार्यो को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए इनका मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय मैहर नियत किया गया है। निलंबन के दौरान अपचारी प्राचार्यो को जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
कमिश्नर रीवा संभाग द्वारा जारी आदेशानुसार निलंबित प्राचार्यो में शासकीय हाईस्कूल गोविन्दपुर के प्राचार्य मथुरा प्रसाद वर्मा, शास.उ.मा.वि. हर्रई के प्रभारी प्राचार्य सियम्बर सिंह, शास.उ.मा.वि. देवदहा के प्रभारी प्राचार्य लक्ष्मण प्रसाद शुक्ला, शास.उ.मा.वि. कंदवारी के प्राचार्य श्रवण सिंह, शास.उ.मा.वि. देवराजनगर के प्रभारी प्राचार्य रामलखन रावत, शास.उ.मा.वि. गोरसरी के प्राचार्य गुलजार सिंह टेकाम तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुलवार गुजारा के प्रभारी प्राचार्य शिवलाल बैस को मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम के विपरीत गंभीर कदाचरण पाये जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
शासकीय हाईस्कूल गोविन्दपुर के प्राचार्य मथुरा प्रसाद वर्मा को विद्यालय के लिए भवन मरम्मत, लघु निर्माण, पार्किंग शेड एवं साइकिल स्टैण्ड निर्माण के लिए संचालनालय द्वारा प्राप्त आवंटन से 23 लाख 39 हजार 615 रूपये करने का आहरण नियम विरूद्ध तरीके से करने, शास.उ.मा.वि. हर्रई के प्रभारी प्राचार्य सियम्बर सिंह को 22 लाख 29 हजार 506 रूपये, शास.उ.मा.वि. देवदहा के प्रभारी प्राचार्य लक्ष्मण प्रसाद शुक्ला को 24 लाख 94 हजार 941 रूपये, शास.उ.मा.वि. कंदवारी के प्राचार्य श्रवण सिंह को 23 लाख 59 हजार 991 रूपये, शास.उ.मा.वि. देवराजनगर के प्रभारी प्राचार्य रामलखन रावत को 24 लाख 10 हजार 376 रूपये, शास.उ.मा.वि. गोरसरी के प्राचार्य गुलजार सिंह टेकाम को 24 लाख 95 हजार और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुलवार गुजारा के प्रभारी प्राचार्य शिवलाल बैस को 23 लाख 99 हजार 506 रूपये की राशि का आहरण कर बिना कार्य कराये फर्म को भुगतान किये जाने पर यह कार्यवाही की गई है। संबंधित को मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम के विपरीत गंभीर कदाचरण पाये जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
