
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के मंत्री चेतन्य काश्यप ने केंद्र सरकार द्वारा फिल्म घूसखोर पंडत के टीज़र और उससे जुड़े सभी कंटेंट को हटाने के आदेश का स्वागत करते हुए इसे समाज में नफरत और असहमति फैलाने वाले प्रयासों के खिलाफ सख्त कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने तत्परता दिखाते हुए नेटफ्लिक्स को निर्देश जारी किए, क्योंकि यह फिल्म ब्राह्मण समाज सहित किसी भी वर्ग की भावनाओं को आहत करने वाली थी। काश्यप ने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मत है कि किसी भी समाज या वर्ग के खिलाफ अपमानजनक अथवा भड़काऊ सामग्री को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने इस निर्णय को समाज में एकता, शांति और सद्भाव बनाए रखने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया। मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता सभी वर्गों को समान सम्मान, अधिकार और सुरक्षा देना है तथा विभाजनकारी और भेदभावपूर्ण कंटेंट के खिलाफ आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
