चलती बस में महिला की पर्स से जेवर-नकदी पार

सतना। वैवाहिक लगन मुहूर्त आरंभ होने पर जैसे ही लोगों का आवागमन बढ़ता है वैसे ही चोर-उचक्कों का गिरोह भी सक्रिय हो जाता है. जिसके चलते शहर सहित जिले भर से जेवर-नकदी और अन्य सामान उड़ाने की घटनाएं सामने आने लगती हैं. इसी तरह की घटना गुरुवार को भी सामने आई जब चलती बस में महिला के पर्स में रखी नकदी और लाखों के गहने चुरा लिए गए. महिला की शिकायत पर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनौर गांव की निवासी नीलू यादव पति मोहन को सीधी जाना था. जिसके लिए उन्होंने गुरुवार की सुबह लगभग साढ़े 9 बजे सोनौर से सीधी जाने के लिए पंकज ट्रवेल्स की बस पकड़ी. बस में सवार होकर यात्रा करते हुए जब वे सतना स्थित पूराने बस स्टैण्ड पहुचीं तो पैसे निकालने के लिए उन्होंने अपना पर्स खोला. लेकिन यह देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई कि पर्स पूरी तरह खाली हो चुका था. घबराहट की हालत में उन्होंने बस से नीचे उतरकर आस पास बैठे यात्रियों से इस संबंध में पूछा. लेकिन सटीक जानकारी सामने नहीं आ सकी. लिहाजा उन्होंने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोलगवां पुलिस द्वारा नीलू के बयान लिए गए. जिसके आधार पर प्रकरण दर्ज करते हुए जांच शुरु कर दी गई.

एक यात्री पर जताया संदेह

नीलू के अनुसार बस में यात्रा के दौरान लगभग 45 वर्ष का एक व्यक्ति उनकी पास वाली सीट पर बैठा हुआ था. वह यात्री बीच बीच में उनके पर्स की ओर हाथ बढ़ाने का प्रयास कर रहा था. सतना पहुंचते ही वह यात्री बस से उतरकर कहीं चला गया. लिहाजा संदेह जताया गया कि पर्स में से नकदी-जेवर उसी व्यक्ति द्वारा निकाले गए होंगे. नीलू के अनुसार उनकी पर्स में 1 सोने का हार, कान के झुमके, कमर की करधनी सहित 2 हजार रु नकद रखे हुए थे. प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा आरोपी की खोजबीन की जा रही है.

Next Post

अब आसमान से होगी जंगलों की रखवाली, इंदौर वनमंडल में बनेगा ड्रोन स्क्वाड

Fri Feb 6 , 2026
इंदौर। वन क्षेत्रों में बढ़ते अतिक्रमण, लकड़ी तस्करी और वन्यप्राणियों के शिकार पर रोक लगाने के लिए इंदौर वनमंडल अब हाईटेक तकनीक का सहारा लेने जा रहा है. वन विभाग इंदौर, महू, मानपुर और चोरल के जंगलों की निगरानी के लिए जल्द ही ड्रोन स्क्वाड गठित करने की दिशा में […]

You May Like