
सैन जोस। ऑनलाइन पेमेंट दिग्गज पेपाल ने कंपनी के भविष्य की रणनीति को ध्यान में रखते हुए अपने शीर्ष प्रबंधन में अहम फेरबदल किया है। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने अनुभवी टेक्नोलॉजी एग्जीक्यूटिव एनरिक लोरेस को कंपनी का नया प्रेसिडेंट और सीईओ नियुक्त करने का निर्णय लिया है। वे 1 मार्च 2026 से जिम्मेदारी संभालेंगे और मौजूदा सीईओ एलेक्स क्रिस का स्थान लेंगे।
कंपनी ने संक्रमण काल को सहज रखने के लिए चीफ फाइनेंशियल एवं ऑपरेटिंग ऑफिसर जेमी मिलर को अंतरिम सीईओ बनाया है। वहीं, डेविड डब्ल्यू. डोरमैन को तुरंत प्रभाव से स्वतंत्र बोर्ड चेयर की भूमिका सौंपी गई है।
बोर्ड ने यह निर्णय कंपनी के प्रदर्शन, प्रतिस्पर्धी माहौल और इंडस्ट्री की बदलती दिशा की समीक्षा के बाद लिया। बोर्ड का मानना है कि हाल के वर्षों में कुछ सुधार जरूर हुए, लेकिन अपेक्षित गति से बदलाव नहीं हो पाया, जिसके चलते नए नेतृत्व की जरूरत महसूस हुई।
एनरिक लोरेस को टेक और कमर्शियल सेक्टर में तीन दशक से अधिक का अनुभव है। वे पिछले करीब पांच साल से पेपाल बोर्ड से जुड़े रहे हैं और जुलाई 2024 से बोर्ड चेयर की जिम्मेदारी निभा रहे थे। कंपनी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके अनुभव और रणनीतिक सोच से पेपाल को डिजिटल पेमेंट बाजार में नई मजबूती मिलेगी और कंपनी अगले विकास चरण में तेजी से आगे बढ़ेगी।
