
रीवा।अपर मुख्य सचिव, नगरीय विकास एवं आवास संजय दुबे का रीवा दौरा 08 फरवरी को प्रस्तावित है, जिसमें विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी.
इसी तारतम्य में निगम आयुक्त डॉ सौरभ सोनवणे ने आवश्यक तैयारियों के संबंध में विभागीय समीक्षा बैठक ली. निगम आयुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना के बीएलसी 2.0 घटक अंतर्गत लंबित आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए. जिन हितग्राहियों द्वारा पूर्ण राशि जमा कर दी गई है, उन्हें शीघ्र आवास आवंटन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. पट्टा प्राप्त आवेदनों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुल 158 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 56 पात्र पाए गए हैं. आयुक्त ने पात्र हितग्राहियों की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर समयावधि में योजना का लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए. रतहरा पीएम साइट की पार्किंग से अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए. उन्होंने निराला नगर प्रोजेक्ट हेतु लेआउट प्रक्रिया पूर्ण कर एसएलटीसी को प्रस्ताव भेजने को कहा, साथ ही कृष्णा नगर साइट के शेष कार्यों के लिए एलओए जारी करने के निर्देश दिए. निगम आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देशित किया कि सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में स्कूल एवं कॉलेजों के 100 मीटर परिधि में संचालित पान, गुटखा, तंबाकू एवं सिगरेट की ठेला-गुमटियों को अभियान चलाकर तत्काल हटाया जाए. उन्होंने कहा कि संबंधित जोन प्रतिदिन कार्रवाई सुनिश्चित करें एवं कार्यवाही का प्रतिवेदन नियमित रूप से प्रस्तुत करें. बैठक में उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी, एमएस सिद्दीकी, कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह, एचके त्रिपाठी, सिद्धार्थ सिंह आदि मौजूद रहे.
