
छतरपुर। जिला पंचायत सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में ग्राम माधोपुर, चंदला निवासी 53 वर्षीय दिव्यांग द्वारका अहिरवार अपनी समस्या लेकर पहुंचे। उनकी परेशानी सुनने के बाद कलेक्टर मृणाल मीणा ने तत्काल ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों ने प्रक्रिया पूरी कर जनसुनवाई के तुरंत बाद ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई। कलेक्टर ने स्वयं द्वारका अहिरवार को ट्राइसाइकिल सौंपी।
ट्राइसाइकिल मिलने पर द्वारका अहिरवार भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि अब उन्हें रोजमर्रा के काम और आवागमन के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने कलेक्टर और जिला प्रशासन का आभार जताया।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
