
अशोकनगर। जिले में लगातार हो रहीं बारिश से जहां जनजीवन अस्त व्यस्त है, तो वहीं पेड़, कच्ची दीवारे गिरने के मामले सामने आ रहे है। ऐसा ही एक मामला सोमवार को जिले की ऐतिहासिक नगरी चंदेरी के ग्राम जारसल से सामने आया, जहां लगातार हो रहीं बारिश के कारण मिडिल स्कूल के एक कमरे की छत गिर गई। तो वहीं एक दिन पूर्व मुंगावली में पेड़ गिरने से दो वर्षीय बालिका की मृत्यु हो गई। स्कूल के छत गिरने के दौरान गनीमत रहीं कि स्कूल परिसर के आसपास कोई नहीं था, नहीं एक बड़ा हादसा हो सकता था। घटना को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि मिडिल स्कूल के कमरे का निर्माण वर्ष 2007-08 के बीच हुआ था, जबसे निर्माण हुआ है, तभी से यह कक्ष जर्जर अवस्था में पड़ा है। जिसमें स्कूल की कोई भी कक्षा संचालित नहीं होती है। वहीं ग्रामीणो ने बताया यह स्कूल के कमरे की छत गिरने की घटना सुबह 7 बजे के आसपास की है, जिसके कारण कोई जनहानि नहीं हुई, क्योंकि स्कूल के समय में कमरे के आसपास बच्चे खेलते रहते है।
