![]()
उज्जैन। किराए के मकान में रहने वाले पति पत्नी आधी रात को बाइक से लौट रहे थे। त्रिवेणी स्थित छोटी रपट से गुजरते समय दोनों बाइक सहित शिप्रा नदी में गिर गए। पति को तैरना आता था लेकिन पत्नी के दिव्यांग होने पर वह डूब गई। पति उसे बाहर लेकर आया लेकिन पत्नी की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मामला जांच में लिया है। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि बुधवार गुरुवार रात 11.30 बजे के लगभग सूचना मिली कि त्रिवेणी छोटी रपट से बाइक सहित एक पुरुष और महिला शिप्रा नदी में गिर गए हैं। पुलिस घटना स्थल पहुंची इस दौरान कुछ लोग दोनों को निकाल कर अस्पताल पहुंच गए थे। जहां सामने आया कि महिला की डूबने से मौत हो चुकी है। युवक की हालत ठीक है। मामले की जांच शुरू की गई इस दौरान सामने आया कि मृतक महिला का नाम ऋतु है जिसकी उम्र 28 साल है। उसके साथ बाइक पर सवार युवक पति पवन है। दोनों मूल रूप से शाजापुर के कालापीपल स्थित ग्राम कोटडी के रहने वाले हैं। वर्तमान में केटीएम शोरूम के पास किराए के मकान में रहते हैं। ऋतु एक पैर से दिव्यांग थी। पति से पूछताछ में सामने आया कि दोनों ने प्रेम विवाह किया है। ऋतु सीहोर की रहने वाली थी। दोनों उज्जैन में रहकर प्राइवेट जॉब करते हैं। रात में वह इंदौर रोड स्थित बालाजी ढाबे पर खाना खाने गए थे जहां से वापस लौटते समय उनके साथ हादसा हुआ है। थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सामने से आ रहे वाहन से बचने का प्रयास करते समय दोनों बाइक सहित शिप्रा में गिरे थे। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया है। पति और घटना स्थल पर मौजूद लोगो के बयान दर्ज किए जाएंगे।
