लोकेंद्र, शिलोम और गार्ड बलवीर ने मिटाए सबूत, ग्वालियर से पकड़ाया बिल्डिंग मालिक

इंदौर. मेघालय के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की जांच कर रही शिलांग पुलिस की एसआईटी ने एक और गिरफ्तारी की है. सोमवार को ग्वालियर से इंदौर की बिल्डिंग का मालिक लोकेंद्र तोमर को हिरासत में लिया है. यह वही फ्लैट है, जहां हत्याकांड के बाद मुख्य आरोपी सोनम कुछ दिन ठहरी थी और जिसे शिलोम जेम्स नामक व्यक्ति को किराए पर दिया था.

सूत्रों के मुताबिक, एसआईटी की टीम सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे ग्वालियर के गांधीनगर स्थित एमके प्लाजा पहुंची. फ्लैट नंबर 105 से सिविल ड्रेस में आए चार अधिकारी लोकेंद्र को साथ ले गए. अपार्टमेंट गार्ड ने इसकी पुष्टि की है. जांच में सामने आया है कि सोनम ने राजा की हत्या के बाद इंदौर लौटकर देवास नाका स्थित इसी फ्लैट में शरण ली थी और जाते समय एक काले रंग का बैग वहां छोड़ गई थी. शिलांग पुलिस इसी बैग की तलाश में थी. 20-21 जून को सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सुराग मिले और इसके बाद शिलोम जेम्स तथा अपार्टमेंट गार्ड बलवीर अहिरवार को भी गिरफ्तार कर लिया था. पूछताछ में खुलासा हुआ कि लोकेंद्र तोमर के कहने पर ही सोनम का बैग जलाया गया. यह बात शिलोम जेम्स के मोबाइल में मिले एक चैट से भी पुष्ट हुई है. जेम्स ने बताया कि उसने बिल्डिंग को तीन लाख रुपए प्रतिमाह पर किराए पर लिया था और उसमें विभिन्न किराएदारों को ठहराता था, जिनमें सोनम भी शामिल थी.

क्राईम ब्रांच सूत्रों के अनुसार बैग में राजा और सोनम के मोबाइल फोन सहित कई अहम इलेक्ट्रॉनिक सबूत थे. शिलोम पर दबाव डालकर लोकेंद्र ने बैग हटवाकर उसे जलाने के लिए कहा. इसके बाद ही कृष्णा विहार कॉलोनी स्थित एक खाली प्लॉट में बैग जला दिया था, जिसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ वहां पहुंचकर जांच की. आशंका है कि बैग के साथ सिम, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य दस्तावेज भी नष्ट कर दिए है, फोरेंसिक टीम अब बरामद सामग्री की जांच करेगी. वहीं सूत्रों ने यह भी बताया कि शिलोम जेम्स की गिरफ्तारी भी आसान नहीं रही. जब पुलिस ने उसे तलब किया तो उसने आना टाल दिया और मोबाइल बंद कर इंदौर से भोपाल भागने की फिराक में था. जानकारी मिलते ही पुलिस ने समय रहते उसे पकड़ लिया. वहीं, गार्ड बलवीर अहिरवार को पुलिस ने अशोकनगर जिले के शाढ़ौरा क्षेत्र से रविवार सुबह सात बजे दबोच लिया, वह मक्का की फसल बुआई के लिए गांव आया था. फिलहाल शिलोम और बलवीर को कोर्ट से सात दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लिया है. दोनों पर सबूत मिटाने में मदद करने का आरोप है. यह मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में है और पुलिस हर कड़ी को जोड़ने में लगी है. आने वाले दिनों में इस केस में और भी गिरफ्तारियां संभव हैं, जांच एजेंसियों का कहना है कि केस से जुड़ी कई कड़ियां अब जुड़ रही हैं और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे संभव हैं.

Next Post

इंदौर-बैतूल हाइवे पर बस और कंटेनर की टक्कर, ट्रक चालक की मौत, 20 से अधिक यात्री घायल

Mon Jun 23 , 2025
देवास। सोमवार सुबह इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे पर खातेगांव थाना क्षेत्र स्थित दुलवां फाटे के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सतवास से हरदा की ओर जा रही मीनाक्षी ट्रेवल्स की बस और एक कंटेनर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कंटेनर चालक […]

You May Like