
सीधी । यूजीसी काले कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के साथ भारत बंद का सीधी में असर दिखा। सवर्ण समाज ने एकजुटता के साथ विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन में सवर्ण समाज के युवाओं की ऐतिहासिक भागीदारी रही।
सवर्ण समाज के आह्वान पर यूजीसी एक्ट के विरोध में आयोजित भारत बंद के तहत आज सीधी नगर पूर्णत: बंद रहा। सीधी जिले के समस्त सवर्ण समाज के संगठनों द्वारा एकजुट होकर यूजीसी एक्ट को वापस लेने की मांग को लेकर सीधी बंद का आह्वान किया गया, जिसका व्यापक असर देखने को मिला। सुबह से ही नगर के बाजार, प्रतिष्ठान एवं व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप रहीं। बंद के दौरान व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन को पूर्ण समर्थन दिया। व्यापारियों के इस सहयोग से यह स्पष्ट हुआ कि यूजीसी एक्ट को लेकर समाज के हर वर्ग में गहरा आक्रोश है और सामान्य वर्ग के छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता व्याप्त है। बंद के पश्चात गांधी चौक में सवर्ण समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, छात्र एवं प्रबुद्धजन एकत्र हुए। वहां से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से केन्द्र सरकार से मांग की गई कि यूजीसी एक्ट जैसे काले कानून को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए क्योंकि यह सामान्य वर्ग के छात्रों के साथ अन्याय है और उनके भविष्य को बर्बादी की ओर धकेल रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य समान अवसर प्रदान करना है न कि किसी वर्ग विशेष के साथ भेदभाव करना। यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो यह आंदोलन और अधिक व्यापक रूप ले सकता है। इस सफल भारत बंद को ऐतिहासिक बताते हुए आयोजकों ने सीधी जिले के समस्त व्यापारियों के प्रति हृदय से आभार एवं साधुवाद प्रकट कियाए जिनके सहयोग से यह बंद पूर्णत: सफल रहा। कार्यक्रम में यह संकल्प लिया गया कि सामान्य वर्ग के छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए यह संघर्ष शांतिपूर्ण लेकिन निर्णायक रूप से जारी रहेगा।
००
आंदोलन में इनकी रही उपस्थिति
इस आंदोलन में प्रमुख रूप से अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज सीधी के जिला अध्यक्ष पं.राकेश दुबे, श्री राजपूत करणी सेना के जिला अध्यक्ष नारेन्द्र सिंह चौहान, परशुराम सेना युवा मोर्चा के संभागीय अध्यक्ष विकाश नारायण तिवारी, अखिल भारतीय क्षत्रिय सभा के जिला अध्यक्ष रहीस सिंह चौहान, अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद के जिला अध्यक्ष अधिवक्ता अरविंद शुक्ला, श्री राजपूत करणी सेना के संगठन महामंत्री हरपाल सिंह चौहान, अखिल भारतीय करणी सेना के संगठन महामंत्री सज्जन सिंह एवं प्रमोद सिंह चौहान, अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष शत्रुघ्न पाण्डेय, आर्यावर्त ब्राह्मण सभा के जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र पाण्डेय, समाजसेवी पुष्पराज मिश्रा, रमेश सिंह, रविन्द्र पाण्डेय, मृत्युंजय मिश्रा, मार्तण्ड मिश्र, बृजभूषण मिश्रा, मृत्युंजय गौतम सहित सीधी जिले के छात्र एवं सवर्ण समाज के बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
०००००००००००००
